Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पूजा के बाद वासुदेव घाट पर किया सफाई अभियान

October 29, 2025

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पूजा के बाद वासुदेव घाट पर किया सफाई अभियान

नई दिल्ली: छठ महापर्व के भव्य आयोजन के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज वासुदेव घाट पहुंचीं और वहां सफाई अभियान में स्वयं भाग लिया। मुख्यमंत्री के साथ उनके कैबिनेट सहयोगी और पर्यावरण मंत्री कपिल मिश्र तथा संबंधित विभागों की पूरी टीम मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और कहा कि भव्य आयोजन के बाद घाट को उसकी स्वच्छता और संतुलन के साथ लौटाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति आस्था और पर्यावरणीय संतुलन का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, हर उत्सव तब ही पूर्ण होता है जब उसके बाद भी परिवेश स्वच्छ और सुंदर बना रहे। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि श्रद्धा के साथ मनाया गया पर्व हमारी धरती और नदियों के लिए भी उतना ही पवित्र रहे। मुख्यमंत्री ने सफाई में जुटी नगर निगम और स्वच्छता टीम के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान में जिस तन्मयता से अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया, वह दिल्ली के प्रति उनकी जिम्मेदारी और सेवा भाव को दशार्ता है। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों से अपील की कि वे हर त्योहार के बाद अपने आस-पास की स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दें।

पर्यावरण मंत्री कपिल मिश्र ने भी कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल पर्व मनाने तक सीमित नहीं, बल्कि उसके बाद पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देना है। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर विशेष सफाई दल लगाए गए हैं ताकि छठ पूजा के बाद किसी भी प्रकार का प्रदूषण न फैले। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंत में कहा कि स्वच्छता ही सच्ची भक्ति है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नागरिक इस प्रेरणा को आत्मसात कर दिल्ली को स्वच्छ, हरित और सुंदर राजधानी बनाने में अपना सहयोग जारी रखेंगे।

ये भी पढ़ें : AUS-W Vs IND-W Test: भारत के खिलाफ मजबूत स्थिति में ऑस्ट्रेलिया, पहले दिन गिरे 13 विकेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें