Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में शुरू की ‘नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा’

November 11, 2026

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में शुरू की ‘नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा’

नई दिल्ली: केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ मंगलवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुरी तक के लिए करीब 6 किलोमीटर लंबी’नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा’ का उद्घाटन किया। उद्धाटन के बाद सोनोवाल और गुप्ता ने दिल्ली सरकार के मंत्रियों के साथ क्रूज की सवारी भी की। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, पूरा सफर लगभग 35 से 45 मिनट का होगा और यात्रियों को निर्धारित मार्ग पर नौका विहार का अनुभव मिलेगा और यात्रा पूरी होने के बाद वे अपने शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे।

बयान में कहा गया है कि सोनिया विहार में विकसित परियोजना में पर्यटकों और परिवारों के लिए बच्चों का ‘प्ले जोन’, थीम आधारित ‘म्यूजिकल फाउंटेन’, ‘फूड कोर्ट’, व्यावसायिक दुकानें और मनोरंजन की सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा, यमुना के प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए पारिस्थितिकीय प्रकृति पथ और पैदल भ्रमण मार्ग बनाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि यात्रियों के लिए तैयार की गई व्यवस्था के अंतर्गत परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपए और क्रूज की पूरी यात्रा का शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया है।

परियोजना के अंतर्गत सोनिया विहार से जगतपुर तक के क्षेत्र में मनोरंजक क्रूज और फेरी सेवाएं विकसित की गई हैं। साथ ही, सोनिया विहार में पूर्ण विकसित तटवर्ती टर्मिनल स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य हरित परिवहन, शहरी पर्यटन और जनसुविधाओं को बढ़ावा देकर दिल्ली की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देना है। परियोजना के तहत यमुना नदी में 30 यात्रियों की क्षमता वाला एक इलैक्ट्रिक क्रूज संचालित किया गया है। इसी क्षमता वाला दूसरा इलैक्ट्रिक क्रूज फरवरी-मार्च 2027 तक शुरू किया जाएगा।

मानसून के दौरान नदी की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह सेवा हर साल एक जुलाई से 30 सितंबर तक बंद रहेगी। इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) के समन्वय से विकसित किया गया है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, सांसद मनोज तिवारी, कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, कपिल मिश्रा व मनजिंदर सिंह सिरसा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें