Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘सेना को रोका न होता तो POK हमारा होता’, सीजफायर पर संजय सिंह का पीएम मोदी पर हमला

May 13, 2025

‘सेना को रोका न होता तो POK हमारा होता’, सीजफायर पर संजय सिंह का पीएम मोदी पर हमला

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार बंद करने की धमकी के चलते भारत ने सीजफायर किया और देश के सम्मान के साथ समझौता कर लिया? संजय सिंह ने कहा कि अगर सेना को रोका न होता तो पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) हमारा होता।

हमारी बहनों का सिंदूर उजड़ा, फिर क्यों हुआ सीजफायर?
संजय सिंह ने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में निर्दोष लोगों की जान गई, तो पूरे देश ने कहा था कि आतंकियों को घुसकर मारना चाहिए। लेकिन जब सेना जवाब दे रही थी, उसी समय सरकार ने सीजफायर कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि “चार आतंकी कहां हैं जिन्होंने हमारे देश की बहनों का सिंदूर उजाड़ा? क्या उन्हें अब तक सज़ा नहीं मिली?”

सेना तैयार थी, लेकिन रोका गया
संजय सिंह का दावा है कि भारतीय सेना पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) को वापस ले सकती थी और बलूचिस्तान को अलग कर सकती थी। अगर सेना को रोका न होता तो पीओके हमारा होता। पाकिस्तान में 21 आतंकी ठिकाने तबाह होते। सेना ने पाकिस्तान के अंदर 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया था और पाकिस्तान के सैनिक मारे गए आतंकियों के साथ खड़े थे।

क्या पीएम मोदी पाकिस्तान पर भरोसा कर रहे?
संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी दबाव में सीजफायर किया, जबकि पहले सभी भारतीय प्रधानमंत्री अमेरिका की मध्यस्थता को ठुकराते रहे हैं। उन्होंने पूछा कि जब पाकिस्तान लगातार आतंक फैलाता है और सीजफायर तोड़ता है, तो भारत सरकार कैसे उस पर भरोसा कर सकती है?

अमेरिका पाकिस्तान को ताकतवर बताता है, पीएम मोदी चुप क्यों हैं?
उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान का ज़िक्र किया जिसमें उन्होंने भारत और पाकिस्तान को “दो महान देश” बताया था और व्यापार बंद करने की धमकी देकर सीजफायर की बात की थी। संजय सिंह ने पूछा, “जब अमेरिका भूखे-नंगे पाकिस्तान को शक्तिशाली कह रहा है, तो पीएम मोदी इसका विरोध क्यों नहीं कर रहे?”

सीजफायर के बाद भी पाकिस्तान ने हमला किया
संजय सिंह ने बताया कि सीजफायर के ऐलान के कुछ घंटों बाद ही पाकिस्तान ने फिर से उल्लंघन किया और हमला किया। उन्होंने कहा, “आपका गृह राज्य (गुजरात) हमला झेल रहा है और आप पाकिस्तान से शांति की बात कर रहे हैं? ये कैसे हो सकता है?”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें