Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में झुलसने वाली गर्मी, लू के थपेड़ों से लोग बेहाल, ऑरैंज अलर्ट

June 14, 2024

दिल्ली में झुलसने वाली गर्मी, लू के थपेड़ों से लोग बेहाल, ऑरैंज अलर्ट

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से राजधानी वासी बेहाल हैं। मौसम विभाग ने राजधानी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में भी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 से 19 जून तक दिल्ली वासियों को झुलसाने वाली गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। अभी बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

हालांकि आज आंशिक रूप से दिल्ली में बादल छाए रहे, लू का प्रकोप बदस्तूर जारी रहा तथा 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में राजधानी के अनेक हिस्सों में लू के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं प्रचंड लू की स्थिति बन सकती है। विभाग ने बताया कि दक्षिणी बिहार, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में भी लू की स्थिति बनी रहेगी।


राजधानी में अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के सफदरजंग इलाके में अधिकतम तापमान 44.7 और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में सबसे अधिक तापमान नजफगढ़ में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 47.7 और न्यूनतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जफरपुर में अधिकतम तापमान 46.3, आयानागर में 45.9, लोधी रोड में 46.1, नरेला में 47.5, पालम में 45.5 और राजघाट में 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार राजधानी दिल्ली में आज सुबह सात बजे तक दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 195 अंक बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 205, गुरुग्राम में 202, गाजियाबाद 198, ग्रेटर नोएडा में 276, नोएडा में 215 अंक बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक एक तरफ दक्षिण भारत के राज्यों में हो रही तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी की वजह से लोग काफी परेशान हैं। हालांकि मानसून महाराष्ट्र और केरल में आ चुका है और दिल्ली को अभी इंतजार करना पड़ेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें