Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rajasthan: भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, जिंदा जले 7 मजदूर; इंडस्ट्रियल एरिया में शोक का माहौल

February 16, 2026

Rajasthan: भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, जिंदा जले 7 मजदूर; इंडस्ट्रियल एरिया में शोक का माहौल

नेशनल डेस्क: राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। इस हादसे में सात मजदूर जिंदा जल गए, जबकि कुछ अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

यह भी पढ़ें: 13 स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, आनन-फानन में खाली करवाए गए स्कूल, अलर्ट पर अधिकारी

सुबह 9:22 बजे मिली सूचना

जानकारी के अनुसार, खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर जी-1-118 बी में स्थित एक निजी औद्योगिक इकाई में सुबह करीब 9 बजकर 22 मिनट पर आग लगने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और रीको फायर ब्रिगेड को दी गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्टरी में केमिकल और ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

अंदर फंसे रह गए मजदूर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। धुआं और लपटें इतनी तेज थीं कि कई मजदूर बाहर नहीं निकल सके। राहत और बचाव दल को अंदर से सात मजदूरों के जले हुए शव मिले। कुछ शव इतने बुरी तरह जल चुके थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। प्रशासन मृतकों की पहचान करने में जुटा है।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल विभाग की कई गाड़ियां, एंबुलेंस और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को घेर लिया गया और आग बुझाने के साथ-साथ अंदर फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में दो लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई थी। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें: Imran Khan के समर्थकों ने दी सीधी धमकी, कहा- रिहा करो नहीं तो बंद कर देंगे बिजली और गैस

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या फैक्टरी में मौजूद ज्वलनशील केमिकल को संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराने के संकेत दिए हैं। साथ ही फैक्टरी में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों की भी जांच की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें