Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : एनसीआर के जिलों में भीषण गर्मी का कहर, 27 से बदलेगा मौसम

April 26, 2026

Haryana :  एनसीआर के जिलों में भीषण गर्मी का कहर, 27 से बदलेगा मौसम

अंबाला। प्रदेश के एनसीआर के साथ लगते जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां तेज धूप और गर्म शुष्क हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

मरुस्थलीय गर्म हवा से तापमान अधिक 

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, वर्तमान में पश्चिमी मरुस्थलीय गर्म हवाओं और तेज धूप के चलते तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। उन्होंने बताया कि अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान 40 से 44.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि कुछ क्षेत्रों में हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है। रोहतक में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं भिवानी में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे रातें भी गर्म बनी हैं।

27 अप्रैल से राहत के आसार

मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शनिवार शाम से रविवार रात तक मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज हवाएं, आंधी-अंधड़ और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि तापमान में केवल मामूली गिरावट ही दर्ज की जाएगी। इसके बाद 27 अप्रैल की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 27 से 29 अप्रैल के बीच 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में टूट रहा गर्मी का कहर

महेंद्रगढ़ और हिसार जिलों में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। शनिवार को दोनों जिलों में आंशिक बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवाओं की दिशा पश्चिमी से दक्षिण-पश्चिमी होने पर वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे गर्मी का स्वरूप बदलकर उमसभरी हो सकता है। महेंद्रगढ़ (नारनौल) में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों जिलों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के अंतिम दिनों और मई के पहले सप्ताह में भी लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Also Read :

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें