नेशनल डेस्क: राजस्थान के अलवर जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मशहूर उद्योगपति और शकुन ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर वल्लभ माहेश्वरी (62) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपनी BMW कार से जयपुर से मथुरा के गिरिराज जी के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी कार बेकाबू हो गई और बड़ा हादसा हो गया।

यह हादसा अलवर के रैणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर चेनेज 136.8 के पास शाम करीब 4 बजे हुआ। तेज रफ्तार BMW कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। कार ने पहले सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ दिया और फिर मीडियन में घुस गई। इसके बाद कार पुलिया की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वल्लभ माहेश्वरी और उनके ड्राइवर को कार से बाहर निकाला गया। दोनों को तुरंत पिनान अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए अलवर के हरीश हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद वल्लभ माहेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। उनके शव को बाद में एम्बुलेंस के जरिए जयपुर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, कार सीमेंट के बने ब्लॉकों को तोड़ते हुए मीडियन पर जाकर अटक गई थी। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि हैरानी की बात यह रही कि कार चला रहे ड्राइवर को इस दुर्घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। वल्लभ माहेश्वरी शकुन ग्रुप की कई कंपनियों में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे और व्यापार जगत में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके निधन की खबर से उद्योग जगत में शोक की लहर है।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अलवर के रैणी क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर हुए इस दुखद सड़क हादसे में उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी के निधन की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की है। ॐ शांति।
अलवर के रैणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर हुए एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में उद्योगपति श्री वल्लभ माहेश्वरी के निधन का समाचार बेहद दुखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) March 8, 2026
मेष: दिन शुभ रहेगा...