Site icon Dainik Savera Times

नहीं रहे रिकी ए.जे. सिंगकोन, फुटबॉल खेलते हुए मैदान में गिर पड़े थे शिलांग सांसद

mp ricky aj syngkon passed away

mp ricky aj syngkon passed away

नेशनल डेस्क: मेघालय से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शिलांग के सांसद रिकी ए.जे. सिंगकोन का गुरुवार शाम अचानक निधन हो गया। वह दोस्तों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे, तभी मैदान पर अचानक गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। रात करीब 8 बजकर 42 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

फुटबॉल खेलते समय बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, सिंगकोन गुरुवार शाम मावलाई मावियोंग के एक खेल मैदान में अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे। खेल के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह मैदान पर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पास के मावियोंग कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) पहुंचाया।

स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए शिलांग के जियाव स्थित डॉ. एच. गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल की मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

राजनीतिक जगत में शोक की लहर

उनके निधन की खबर मिलते ही मेघालय के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। डिप्टी चीफ मिनिस्टर प्रेस्टोन तिनसॉन्ग, VPP के अध्यक्ष आर्डेंट मिलर बसियावमोइट, कई विधायक और वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे। सभी ने परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और दिवंगत सांसद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

2024 में पहली बार बने थे सांसद

रिकी ए.जे. सिंगकोन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में VPP के टिकट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस के तीन बार के सांसद विंसेंट एच. पाला को लगभग 3.7 लाख वोटों के बड़े अंतर से हराया था। यह जीत मेघालय की राजनीति में बड़ा बदलाव मानी गई थी।

जनसेवा के लिए जाने जाते थे

सिंगकोन अपनी सादगी, जमीनी जुड़ाव और मूल निवासियों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। वह पारदर्शी और जवाबदेह शासन के पक्षधर माने जाते थे। उनके अचानक निधन से मेघालय की राजनीति में एक बड़ा खालीपन आ गया है। VPP समेत सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है और उन्हें एक समर्पित और उज्ज्वल भविष्य वाले जनप्रतिनिधि के रूप में याद किया।

Exit mobile version