Site icon Dainik Savera Times

भारत को छेड़ने वाले लोगों को छोड़ेंगे नहीं, आतंकियों का सफाया करके ही सांस लेंगे : शिवराज सिंह चौहान

Shivraj Chouhan

Shivraj Chouhan

Shivraj Singh Chauhan : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत किसी को नहीं छेड़ता है, अगर कोई हमें छेड़े तो उसे हम छोड़ते नहीं हैं। ऑपरेशन सिंदूर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘हम सबका कल्याण चाहते हैं और इसलिए हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन यह भी स्पष्ट है कि कोई हमें छेड़ता है तो उसे हम नहीं छोड़ते। यह अद्भुत देश है। एक साथ कई मोर्चों पर काम चल रहा है। भारत अब दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।‘

केंद्रीय कृषि मंत्री ने नई दिल्ली स्थित पूसा में आयोजित कृषि आधारित राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत के आतंकवाद विरोधी अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘एक तरफ आईपीएल भी चल रहा है, तो दूसरी तरफ आतंकवादियों के सफाए का महाअभियान चल रहा है। हमारी बेटियों की इज्जत को तार-तार करने वालों का सफाया हो चुका है। इन आतंकवादियों और उनके ठिकानों, उन्हें समर्थन देने वालों का सफाया हो चुका है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारा यही संकल्प है कि आतंकवादियों को जड़ से मिटाकर ही सांस लेंगे।‘

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘विकास कोई साधारण कार्य नहीं है, यह वास्तव में असाधारण है। हालांकि, मैं इस क्षेत्र में परियोजनाओं और विकास के बारे में अभी विस्तार से नहीं बताऊंगा, लेकिन मैं इतना कहूंगा कि हमारा देश, भारत, 5,000 वर्षों से अधिक पुराने ज्ञात इतिहास वाला एक प्राचीन और महान राष्ट्र है।‘

6-7 मई की दरमियानी रात को भारतीय सेना ने पहलगाम हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों को तबाह कर दिया।

पाकिस्तान के इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशन (आईएसपीआर) के प्रमुख जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने बताया कि इन हवाई हमलों में कम से कम 26 लोगों की मौत हुई और 46 घायल हुए हैं। ये हमले पीओके और पंजाब प्रांत के उन इलाकों में हुए जहां भारत के अनुसार आतंकियों के ठिकाने थे। इस स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी सरकारी अस्पतालों को तैयार रहने को कहा गया है, देश की हवाई सीमाएं 24 से 36 घंटे के लिए बंद कर दी गई हैं, इस्लामाबाद और पंजाब के सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है।

Exit mobile version