नेशनल डेस्क: साल 2025 अब अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है। पुराने साल को विदा करने और नए साल की शुरुआत आध्यात्मिक माहौल में करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी नगरी का रुख कर रहे हैं। लाखों लोगों की यह इच्छा है कि नए वर्ष की पहली सुबह वे बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करें। इसी कारण इन दिनों काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
इस वर्ष श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने वाले भक्तों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल इस पवित्र मंदिर में साल 2025 के दौरान करीब 7.25 करोड़ श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह आंकड़ा अब तक एक साल में मंदिर पहुंचने वाले भक्तों की सबसे अधिक संख्या मानी जा रही है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में इस समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या कहीं अधिक है। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी को परेशानी न हो।
नए साल पर संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जानकारी के अनुसार, 2 जनवरी तक बाबा के स्पर्श दर्शन पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है। यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है। हालांकि, दर्शन की अन्य सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।
साल 2025 में आयोजित महाकुंभ के दौरान भी काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या देखने को मिली थी। अधिकारियों के अनुसार, महाकुंभ के समय सबसे अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी पहुंचे, जिससे मंदिर में भक्तों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नए साल के मौके पर भी भारी भीड़ की संभावना जताई जा रही है। मंदिर प्रशासन का अनुमान है कि करीब 7 लाख से अधिक श्रद्धालु नए साल पर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने काशी पहुंच सकते हैं। पिछले वर्षों की तुलना में धार्मिक पर्यटन में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे काशी एक बार फिर श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन गई है।
ये भी पढ़ें: Today’s horoscope 28 Dec 2025: जानें आज किसकी चमकेगी किस्मत और किसके हाथ लगेगी निराशा?
मेष: दिन शुभ रहेगा...