Sikkim Earthquakes: दुनियाभर में भूकंपीय गतिविधियां एक बार फिर चिंता का विषय बनती नजर आ रही हैं। भारत सहित कई देशों में हाल के दिनों में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, जिनसे कहीं जान-माल का भारी नुकसान हुआ है तो कहीं दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में अब पूर्वोत्तर भारत के राज्य सिक्किम में भी भूकंप के तेज झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी है।
ये भी पढ़ें- यूपी-बिहार में घना कोहरा, पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम?
सिक्किम में आधी रात से भूकंप की श्रृंखला
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, सिक्किम में देर रात 1 बजे के बाद से लगातार भूकंपीय हलचल दर्ज की गई है। अब तक करीब 12 बार धरती कांप चुकी है। सबसे तेज झटका रात 1 बजकर 9 मिनट पर महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई। इस भूकंप का केंद्र ग्यालशिंग क्षेत्र में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
कई जिलों में महसूस किए गए झटके
सिर्फ ग्यालशिंग ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य हिस्सों में भी भूकंप का असर देखा गया। गंगटोक, मंगन और नामची जैसे इलाकों में 2 से 4 तीव्रता तक के झटके महसूस किए गए। बार-बार आ रहे इन झटकों से लोगों में डर का माहौल है और कई स्थानों पर लोग एहतियातन घरों से बाहर निकलते नजर आए।
ये भी पढ़ें- इन 2 राशियों के लिए आज का दिन ‘चिंता भरा’, जानें अन्य राशियों का हाल
पड़ोसी देश म्यांमार में भी कांपी धरती
भूकंप की यह गतिविधि केवल भारत तक सीमित नहीं रही। भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में भी शुक्रवार सुबह तेज भूकंप आया। NCS के मुताबिक, सुबह 6 बजकर 3 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई और इसका केंद्र धरती से करीब 96 किलोमीटर नीचे था। गौरतलब है कि म्यांमार में वर्ष 2025 में आए विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें हजारों लोगों की जान चली गई थी।

