
अभिनेत्री सादिया खातिब जल्द ही फिल्म ‘सिला’ में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में होंगे। फिल्म की शूटिंग हाल ही में पूरी हुई है, और इसका बड़ा हिस्सा वियतनाम की दुनिया की सबसे बड़ी सोन डूंग गुफा में शूट किया गया।
सादिया ने बताया कि गुफा में बिताए गए चार दिन शूटिंग का सबसे यादगार हिस्सा थे। उन्होंने कहा, “गुफा में न फोन नेटवर्क था, न बिजली, न बिस्तर। हम टेंट में सोए। यह अनुभव बेहद रोमांचक था क्योंकि हम पहली बॉलीवुड फिल्म क्रू थे जिन्होंने इस गुफा में शूटिंग की।”
उन्होंने आगे बताया कि गुफा का अपना अलग इकोसिस्टम है। केवल सपाट रास्ते नहीं थे, बल्कि पहाड़ भी चढ़ने पड़ते थे। पूरी टीम को रोजाना लगभग 25 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। उनके मुताबिक यह सफर अविस्मरणीय रहा।
फिल्म का निर्देशन ओमंग कुमार ने किया है। सादिया ने कहा, “ओमंग सर ने मुझे ऐसे शेड्स और मोमेंट्स दिए, जो मैंने पहले कभी नहीं किए। एक्शन, थ्रिल और एडवेंचर के अलावा उन्होंने मुझे एक्टर के रूप में नया करने का मौका दिया। ‘सिला’ ने मुझे बिल्कुल नई जगह पर पहुंचाया।”
इसके अलावा, फिल्म का एक गाना गुलमर्ग में शूट हुआ, जिसमें सादिया को बॉलीवुड अभिनेत्री की तरह तैयार किया गया। उन्होंने कहा, “फिल्म ‘शिकारा’ और ‘द डिप्लोमैट’ में मैंने जमीन से जुड़े किरदार किए थे, लेकिन इस बार मुझे बॉलीवुड की क्लासिक अभिनेत्री की तरह रोल करने का मौका मिला। यह मेरे लिए बहुत खास अनुभव रहा।”
ओमंग कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सादिया और हर्षवर्धन के अलावा करणवीर मेहरा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज़ को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...