नेशनल डेस्क: राजस्थान में मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) 2026 सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें राज्य के 199 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 5,15,19,929 मतदाताओं को शामिल किया गया। यह पिछले प्रारूप सूची की तुलना में 10,48,605 अधिक है, यानी 2.08 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई।
साल 2025 के अक्टूबर में राज्य में कुल 5,46,56,215 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद गहन जांच और ड्राफ्ट सूची निर्माण के दौरान 41,84,891 मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए। 16 दिसंबर 2025 को जारी ड्राफ्ट सूची में 5,04,71,324 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 12,91,365 नए मतदाता जोड़े गए और 2,42,760 नाम हटाए गए।
पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या
अंतिम सूची में 2,69,57,881 पुरुष, 2,45,61,486 महिला और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। लिंगानुपात में सुधार देखा गया है: ड्राफ्ट सूची में यह 909 था, जो अंतिम सूची में बढ़कर 911 हो गया। जयपुर जिले में लिंगानुपात में 7 अंकों और कोटा में 6 अंकों की वृद्धि हुई। अजमेर, सिरोही, डूंगरपुर, बूंदी, झालावाड़ और बाड़ा जिलों में 4-4 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा मतदाता वृद्धि वाले जिले
राज्य में सबसे अधिक मतदाता वृद्धि जयपुर जिले में 3.45 प्रतिशत रही। इसके बाद फलोदी (3.22%), भरतपुर (2.78%), सिरोही (2.72%) और बूंदी (2.71%) में बढ़ोतरी हुई। इस वृद्धि का मुख्य कारण नए मतदाताओं का पंजीकरण और सुधार प्रक्रिया रही।
युवा मतदाताओं में बढ़ोतरी
18 से 19 साल के युवा मतदाताओं में भी वृद्धि हुई। ड्राफ्ट सूची के बाद अंतिम सूची में 4,35,061 नए युवा मतदाता शामिल हुए, जो कुल 0.82 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। जयपुर जिले में 1.30%, बाड़मेर में 1.26%, भरतपुर में 1.22%, फलोदी में 1.18% और बूंदी में 1.09% की बढ़ोतरी रही।
प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी
21 फरवरी को जिला निर्वाचन अधिकारियों की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इस दौरान सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची की सॉफ्ट और हार्ड कॉपी निशुल्क उपलब्ध कराई गई। नागरिक अब जिला निर्वाचन अधिकारी या मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट और मतदाता पोर्टल पर ऑनलाइन अपने नाम की जांच कर सकते हैं।
41 जिलों में चलाया व्यापक अभियान
इस अभियान में 41 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, 199 निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 1651 सहायक अधिकारी और 61,136 बूथ स्तर अधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा लाखों स्वयंसेवक और राजनीतिक दलों के बूथ एजेंटों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
ये भी पढ़ें:
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या सुधार करने के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 ऑनलाइन या संबंधित बीएलओ के माध्यम से भरे जा सकते हैं। किसी भी आपत्ति की स्थिति में जिला मजिस्ट्रेट और फिर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास अपील की जा सकती है। अंता विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची 12 मार्च 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

