
श्रीनगर : केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने सोमवार को अनंतनाग जिले में कथित आतंकवादी गतिविधियों में शामिल एक आरोपी के मकान की कुर्की की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि कोकेरनाग कस्बे के धनवेतेहपोरा इलाके में स्थित मोहम्मद इशाक मलिक के मकान को कथित रुप से उसके आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के कारण एसआईयू अनंतनाग ने धारा 25 यूएपी अधिनियम के तहत कुर्क कर लिया। उन्होंने कहा कि कुर्की कार्यकारी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में की गयी।
सूत्रों के मुताबिक, एसआईयू सुरक्षाकर्मियों के दल के साथ स्थानीय सरपंचों, पंचों और चौकीदारों की उपस्थिति में मकान पर कुर्की का नोटिस चिपकाया। नोटिस के अनुसार, मकान मालिक को नामित प्राधिकारी की अनुमति के बिना उक्त संपत्ति को किसी भी तरह से स्थानांतरित करने पर रोक लगा दी गयी है। पुलिस ने बताया कि वर्तमान में जिला जेल अनंतनाग में बंद आरोपी यूएपीए के तहत कोकेरनाग थाने में दर्ज एक मामले में शामिल है।