नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के सोलापुर शहर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। शहर की कभी मशहूर रही ‘मुल्तानी बेकरी’ के मालिक सुनील सदारंगानी (60 वर्ष) ने विजयपुर रोड स्थित पनाश अपार्टमेंट की 17वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि आत्महत्या से कुछ समय पहले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सुनील सदारंगानी छलांग लगाने से पहले हाथ जोड़कर प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वह बुधवार दोपहर विजयपुर रोड पर स्थित पनाश अपार्टमेंट पहुंचे थे। उन्होंने लिफ्ट का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि सीढ़ियों से चलते हुए सीधे 17वीं मंजिल तक पहुंच गए।
जब वह छत पर हाथ जोड़कर खड़े दिखाई दिए, तो नीचे मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा गार्ड ऊपर पहुंचा और सुनील सदारंगानी को समझा-बुझाकर नीचे ले आया। हालांकि नीचे आने के बाद उन्होंने सुरक्षा गार्ड से कहा कि उनकी चाबी ऊपर छूट गई है। चाबी लाने का बहाना बनाकर वह दोबारा 17वीं मंजिल पर गए और कुछ ही देर बाद वहां से नीचे छलांग लगा दी। गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि एक बड़े व्यवसायी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

