Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

पत्नी को नहीं भेजने पर दामाद ने मारी दुकान पर टक्कर, साले पर फायरिंग

June 20, 2026

पत्नी को नहीं भेजने पर दामाद ने मारी दुकान पर टक्कर, साले पर फायरिंग

Son-in-law fires at brother-in-law : रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक सिरफिरे दामाद थार गाड़ी लेकर ससुराल पहुंचा। इसके बाद उसने जमकर उत्पात मचाया। उसने अपनी गाड़ी से ससुर की दुकान में जोरदार टक्कर मारी।इसके बाद अपने ही साले पर सरेआम फायरिंग कर दी। ये घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

पत्नी के इलाज पर शुरू हुआ था विवाद

यह सनसनीखेज मामला रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र का है। पीड़ित युवक जीशान अली के मुताबिक, उसके बहनोई ने करीब तीन महीने पहले उसकी बहन को बुरी तरह पीटकर घर से निकाल दिया था। लगातार मानसिक और शारीरिक टॉर्चर के चलते महिला की मानसिक हालत काफी बिगड़ गई। जीशान का कहना है कि उसकी बहन याददाश्त खो चुकी थी और अब उसका इलाज चल रहा है। आरोपी जीजा ससुराल वालों पर दबाव बना रहा था कि उसकी पत्नी को भेजा जाए, लेकिन मायके वालों ने बेटी का इलाज पूरा होने तक इनकार कर दिया।

फोन पर दी जान से मारने की धमकी

पत्नी को नहीं भेजने की बात से आरोपी इस कदर बौखला गया कि उसने फोन पर जीशान और उसके पिता के साथ जमकर गालीगलौज की और गोली मारने की धमकी दी। इसके कुछ ही देर बाद वह अपनी थार गाड़ी से दुकान पर आ धमका। जीशान ने बताया कि जब वे लोग अपने केबिन में बैठे थे, तभी आरोपी ने अपनी गाड़ी से वहां जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद उसने पिस्तौल निकाली और सीधे फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए जीशान ने तुरंत 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी।

महिला पुलिसकर्मी से की धक्का-मुक्की, लगी गोली

मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद भी ये खेल जारी रहा। उसने बीच-बचाव करने आई एक महिला कॉन्स्टेबल के साथ धक्का-मुक्की की और गोलियां चलाता रहा। इसी दौरान आरोपी की एक गोली साले जीशान की टांग में जा लगी। हिम्मत दिखाते हुए घायल जीशान ने किसी तरह अपने जीजा से पिस्तौल छीन ली और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर अनुराग सिंह ने बताया कि दामाद ससुर की दुकान में गाड़ी लेकर घुस गया था। पुलिस ने इस जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वारदात का सीसीटीवी फुटेज अब हर तरफ चर्चा का विषय बना है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें