Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने 22 वार्ड उम्मीदवार घोषित किए

April 23, 2026

Haryana : निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने 22 वार्ड उम्मीदवार घोषित किए

सोनीपत। भारतीय जनता पार्टी ने सोनीपत नगर निगम के सभी 22 वार्डों के लिए पार्षद उम्मीदवार की सूची जारी कर दी। इससे चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है।

राष्ट्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद दिया अंतिम रूप

सूची पार्टी के प्रदेश कार्यालय पंचकमल से जारी हुई। इसे राष्ट्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद अंतिम रूप दिया गया, जिससे स्पष्ट है कि चुनाव पूरी रणनीति और मजबूत संगठन के दम पर लड़ा जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने नितिन नबीन से चर्चा के बाद सूची तय की। इससे संकेत मिलता है कि उम्मीदवारों के चयन में जीत की संभावना और संगठन की मजबूती दोनों को महत्व दिया गया है।

इन उम्मीदवारों को मिला मौका

यह घोषणा ऐसे समय आई है जब सोनीपत में मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है और पार्षदों की भूमिका निर्णायक मानी जा रही है। सूची के अनुसार वार्ड एक से बाईस तक सभी सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। इनमें हरिप्रकाश सैनी, मुकेश बामणिया, सुरेन्द्र मदान, त्रिभुवन कौशिक, रीना सैनी, निशा, मुनीराम ठोलेदार, कुणाल कौशिक, मीना, संजय ठेकेदार, संगीता सैनी, साधना तनेजा, महेश लूथरा, किरण चान्दना, संजीव वलेचा, नवीन मंगला, सुनीता, सुनीता राठी, अनिल ठाकुर, राजकुमार शर्मा, सुमन लाकड़ा और सतपाल कटारिया शामिल हैं। सूची में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिससे महिला सशक्तिकरण का संदेश भी गया है।

सूची अनुभव और ऊर्जा का संतुलन

पार्टी ने अनुभव और युवा ऊर्जा के संतुलन की रणनीति अपनाई है। कई वार्डों में मजबूत स्थानीय पकड़ वाले उम्मीदवार उतारे गए हैं, वहीं नए चेहरों को मौका देकर भविष्य की राजनीति को साधने का प्रयास किया गया है। इस सूची का असर मेयर चुनाव पर भी पड़ने की संभावना है, क्योंकि पार्षद चुनाव सीधे मेयर के समीकरण प्रभावित करते हैं। प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पूनिया द्वारा जारी सूची से यह संदेश गया कि संगठन पूरी तरह तैयार है और उम्मीदवार प्रचार तेज करेंगे।

टिकट कटने के फैसले पर होती रही चर्चा

टिकट कटने के फैसले भी चर्चा में हैं। वार्ड दो में कांग्रेस से आए सुरेंद्र नय्यर को टिकट नहीं मिला। वार्ड आठ में पुनीत त्यागी की जगह कुणाल कौशिक को उम्मीदवार बनाया गया। वार्ड सोलह में अतुल जैन की टिकट काटकर नवीन मंगला को मौका दिया गया। अब सबकी नजर चुनावी असर पर है।

 

ये भी देखें :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें