Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : गर्मी और लू का आतंक, प्रदेशभर में रातें भी गर्म

April 23, 2026

Haryana : गर्मी और लू का आतंक, प्रदेशभर में रातें भी गर्म

अंबाला। प्रदेश में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लू के मामले में आईएमडी ने 13 जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा इनमें से आधे से अधिक जिलों में रातें गर्म होने की बात कही है।

27 डिग्री से ज्यादा है रात का तापमान

इस अलर्ट से स्पष्ट है कि अब दिन के साथ रात में भी तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है, जहां दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। गर्मी का असर अब सिर्फ दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि रात में भी राहत नहीं मिल रही। प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। भिवानी, नूंह, नारनौल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला और रोहतक जैसे शहरों में रात का तापमान 24 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया है। फरीदाबाद में रात का तापमान 27.2 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी सता रही है।

अभी और बढ़ सकती है गर्मी

नारनौल प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा रोहतक में 42.2 डिग्री, सिरसा में 41.6 डिग्री और हिसार में 41.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में लू के थपेड़े और तेज हो सकते हैं। जहां ज्यादातर शहर गर्मी से परेशान हैं, वहीं कुछ इलाकों में हल्की राहत भी देखने को मिली है। यमुनानगर में रात का तापमान सबसे कम 18.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो बाकी जिलों के मुकाबले काफी कम है।

असावधानी पड़ सकती है सेहत पर भारी

इस समय भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) का असर साफ देखा जा रहा है। दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म रहने लगी हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। लगातार बढ़ता तापमान शरीर की हीट बैलेंस प्रणाली को बिगाड़ देता है। लू लगने का खतरा बढ़ जाता है
डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, कमजोरी और उल्टी जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं

हमें बरतनी चाहिए ये सावधानियां

सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप सबसे तेज होती है। इस समय बाहर जाना टालें। खूब पानी पिएं। दिन में 8–10 गिलास पानी जरूर पिएं। ORS (Oral Rehydration Solution), नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करें। हल्के और ढीले कपड़े पहनें। सूती (कॉटन) और हल्के रंग के कपड़े बेहतर रहते हैं। सिर को ढकने के लिए टोपी या गमछा रखें। घर को ठंडा रखें। दिन में खिड़कियां बंद रखें और रात में खोलें। पंखा, कूलर या एसी का इस्तेमाल करें

खाने-पीने का भी रखें ध्यान

खान-पान पर ध्यान दें। तरबूज, खीरा, ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फल खाएं। ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना कम करें। बच्चे और बुजुर्ग लू की चपेट में जल्दी आते हैं। इन्हें समय-समय पर पानी पिलाते रहें। तेज बुखार, सिर दर्द, चक्कर, उल्टी हो तो तुरंत ठंडी जगह ले जाएं। शरीर पर ठंडा पानी डालें या गीला कपड़ा रखें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें