Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

ED कार्यालय पहुंचे अभिनेता Sonu Sood, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दर्ज कराएंगे बयान

September 24, 2025

ED कार्यालय पहुंचे अभिनेता Sonu Sood, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दर्ज कराएंगे बयान

नई दिल्ली: अवैध सट्टेबाजी ऐप 1xBet के मामले में देश की जांच एजेंसी, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), की नजरें अब बॉलीवुड और क्रिकेट जगत के कई बड़े नामों पर हैं। वहीं इस मामले में अभिनेता सोनू सूद आज दिल्ली स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे। आपको बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को अवैध सट्टेबाजी ऐप 1xBet मामले में पूछताछ के लिए पेश होने के लिए बुलाया है।

मंगलवार को युवराज सिंह ने दिल्ली में ईडी कार्यालय में अपने वकील के साथ पेश होकर कंपनी के प्रचार में अपनी भूमिका पर विस्तार से सफाई दी। सूत्रों के मुताबिक, उनसे कई अहम दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारियां भी मांगी गईं। युवराज सिंह के बाद यह सिलसिला सोनू सूद से जारी रहने की संभावना है।

इस मामले में न सिर्फ युवराज और सोनू सूद, बल्कि अन्य कई बड़े नाम जैसे शिखर धवन और सुरेश रैना भी जांच एजेंसी के रडार पर हैं। शिखर धवन से पहले ही ईडी ने घंटों पूछताछ की है, जिसमें उनके 1xBet ऐप के साथ जुड़े विज्ञापन अनुबंधों की जांच की गई। वहीं, पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना से भी हाल ही में पूछताछ की गई है।

मामला कितना गंभीर है?

1xBet नामक इस अवैध सट्टेबाजी ऐप पर आरोप है कि करोड़ों की ठगी और टैक्स चोरी के मामले सामने आए हैं। ईडी की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए यूएई और पाकिस्तान के हवाले से लगभग 5,000 करोड़ रुपये का हवाला रैकेट संचालित किया जा रहा था।

इस सट्टेबाजी के जाल में लाखों भारतीय फंसे हुए हैं। कंपनी ने कई क्रिकेटरों और बॉलीवुड सितारों को अपने प्रचार के लिए इस्तेमाल किया था, जिससे ऐप की पहुंच व्यापक हुई। एजेंसी जानना चाहती है कि इन हस्तियों को क्या पता था कि भारत में ऑनलाइन बेटिंग गैरकानूनी है और उन्हें इस प्रचार के लिए कैसे भुगतान किया गया।

मामले में बढ़ी जांच

जांच की शुरुआत तब हुई जब कंपनी के एक संस्थापक द्वारा आयोजित भव्य रिसेप्शन पार्टी की खबरें आईं, जिसके बाद ईडी ने इस मामले को गंभीरता से लेना शुरू किया। तब से अब तक कई बॉलीवुड और क्रिकेट जगत के दिग्गजों से पूछताछ हो चुकी है। इसी कड़ी में अभिनेत्री अन्वेषी जैन से भी सवाल-जवाब किए गए हैं। मनी लॉन्ड्रिंग के संदर्भ में पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा भी हाल ही में ईडी के सामने पेश हुए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें