Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

SSC परीक्षा विवाद: छात्रों का फूटा गुस्सा, देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी

August 3, 2025

SSC परीक्षा विवाद: छात्रों का फूटा गुस्सा, देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी

नेशनल डेस्क: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की फेज-13 परीक्षा में व्यापक अनियमितताओं के खिलाफ देशभर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर बिहार की राजधानी पटना और राजस्थान के जयपुर तक हजारों छात्रों और कोचिंग शिक्षकों ने मोर्चा खोल दिया है।

तकनीकी गड़बड़ियों से टूटा भरोसा

छात्रों का आरोप है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया में गहरी लापरवाही बरती गई है। उन्हें न सिर्फ दूर-दराज के परीक्षा केंद्र दिए गए, बल्कि कई केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं तक का अभाव था। सबसे बड़ा सवाल उस नए तकनीकी वेंडर “एडुक्विटी” पर उठ रहा है, जिसे परीक्षा संचालन का जिम्मा सौंपा गया था। आरोप है कि सर्वर क्रैश, बायोमेट्रिक सिस्टम फेलियर और लॉगिन न होने जैसी दिक्कतों ने परीक्षा को मजाक बना दिया।

छात्रों का सवाल: जब तैयारी हमने की, तो सजा क्यों हमें?

कई छात्रों ने बताया कि उन्हें 400-500 किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र मिले, जिससे उन्हें न सिर्फ यात्रा में परेशानी हुई, बल्कि परीक्षा से पहले मानसिक तनाव भी झेलना पड़ा। कुछ केंद्रों पर परीक्षा शुरू होते ही बिना कोई कारण बताए उसे रद्द कर दिया गया। इससे छात्रों को भारी मानसिक और आर्थिक नुकसान हुआ।

प्रदर्शन में शामिल हुए शिक्षाविद

इस आंदोलन में छात्रों के साथ देश के कई प्रमुख कोचिंग शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया है, जिनमें नीतू मैम, अभिनय शर्मा और राजट यादव जैसे नाम शामिल हैं। ये सभी शिक्षाविद लगातार सोशल मीडिया और मंचों के जरिए छात्रों के हक में आवाज उठा रहे हैं।

पुलिसिया कार्रवाई ने भड़काया माहौल

31 जुलाई को दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया और प्रदर्शन को रोकने के लिए बल प्रयोग किया। छात्रों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हम लोकतंत्र में जी रहे हैं या डर के माहौल में?” कई छात्रों ने इसे “लोकतंत्र की हत्या” करार दिया।

छात्रों की चार प्रमुख मांगें

निष्पक्ष जांच: एडुक्विटी वेंडर की नियुक्ति और उसकी विफलता की उच्च-स्तरीय जांच कराई जाए।

वेंडर हटाओ: एडुक्विटी का कॉन्ट्रैक्ट तुरंत समाप्त किया जाए और एसएससी खुद एक सशक्त तकनीकी प्लेटफॉर्म विकसित करे।

केंद्र निर्धारण में पारदर्शिता: परीक्षा केंद्र छात्रों के गृह नगर या नजदीकी शहरों में दिए जाएं।

तकनीकी समाधान में तेजी: सभी तकनीकी खामियों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

ये भी पढ़े- बंगाल सहित इन राज्यों में कब होंगे चुनाव? ECI आज करेगा तारीखों का ऐलान

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें