Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाकुम्भ में भगदड़ के बाद विपक्ष ने VIP मूवमेंट बंद करने की उठाई मांग

January 29, 2025

महाकुम्भ में भगदड़ के बाद विपक्ष ने VIP मूवमेंट बंद करने की उठाई मांग

Stop VIP Movement : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेला में मची भगदड़ पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाजरुन खड़गे ने दुख जताया है। उन्होंने घायलों के स्वस्थ होने की कामना की है। मल्लिकाजरुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, ‘महाकुंभ के दौरान, तीर्थराज संगम के तट पर हुई भगदड़ से कई लोगों की जान गई है और अनेकों लोग घायल हुए हैं, यह समाचार बेहद हृदयविदारक है। श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की हम कामना करते हैं।‘

उन्होंने महाकुंभ में व्यवस्था को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘आधी-अधूरी व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, प्रबंधन से अधिक स्व-प्रचार पर ध्यान देना और बदइंतजामी इसके लिए जिम्मेदार है। हजारों करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद ऐसी व्यवस्था होना निंदनीय है। अभी कई महत्वपूर्ण शाही स्नान बचे हैं, तो केंद्र और राज्य सरकारों को अब चेत जाना चाहिए और व्यवस्था को सुधारना चाहिए ताकि आगे ऐसी अप्रिय घटनाएं न हों। श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा व मूवमेंट आदि की व्यवस्था में विस्तार करना चाहिए और वीआईपी मूवमेंट पर लगाम लगानी चाहिए। यही हमारे साधु संत भी चाहते हैं। कांग्रेस के हमारे कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि पीड़ितों को हर संभव मदद करें।‘

कांग्रेस पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से महाकुंभ मेले में लोगों की मदद की अपील की। कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, ‘महाकुंभ में हुए हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद पीड़ादायक है। इस दुख की घड़ी में ईश्वर शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें। कांग्रेस परिवार की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। सरकार घायल श्रद्धालुओं का उचित और बेहतर इलाज कराए। मृतकों का पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपकर, उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। महाकुंभ की व्यवस्था बेहतर की जाए, जिससे आगे कभी ऐसे हादसे न हों। श्रद्धालुओं के सुलभ और सुरक्षित स्नान का प्रबंध हो। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वे पीड़ितों को हर संभव मदद करें।‘

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने महाकुंभ में मची भगदड़ पर कहा, ‘महाकुंभ में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें और उनके परिवार को इस दु:ख को सहने की शक्ति दें। सभी श्रद्धालु संयम रखते हुए सुरक्षा नियमों और निर्देशों का पालन करें ताकि यह आयोजन सुरक्षित बना रहे।‘

शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता आनंद दुबे ने महाकुंभ मेला क्षेत्र में मची भगदड़ पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के महाकुंभ में देर रात जो भगदड़ मची है, उसमें कई लोगों की मौत की खबर आ रही है। मैं इस घटना पर दुख व्यक्त करता हूं। हालांकि, मैं यह पूछना चाहता हूं कि जब मीडिया के माध्यम से बताया गया कि मौनी अमावस्या पर करीब 10 करोड़ लोग स्नान करेंगे, तो प्रशासन पुलिस के भरोसे क्यों रहा। प्रशासन ने भारतीय सेना की मदद क्यों नहीं ली। अगर सेना वहां होती, तो ऐसी घटना घटित नहीं होती। मैं यही मांग करता हूं कि अभी महाकुंभ में और भी स्नान होने हैं, इससे पहले इसकी कमान सेना को सौंप देनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें