Suresh Raina: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस उनके खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच से संबंधित है, जो हाल ही में एक विवादित बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़ा हुआ है। सुरेश रैना, जो इस बेटिंग ऐप के ब्रांड एम्बेसडर थे। रैना को दिल्ली स्थित ईडी के मुख्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
ईडी ने बताया कि वह इस मामले में संभावित मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों की जांच कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, रैना से पूछताछ की जाएगी ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि वह इस सट्टेबाजी ऐप को प्रमोट करने के लिए किस प्रकार से जुड़े थे और इसके द्वारा कोई मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियां तो नहीं की जा रही थीं।
फिल्मी हस्तियों के नाम भी आए है सामने
रैना के अलावा, कई अन्य क्रिकेटर्स और फिल्मी हस्तियों के नाम भी इस मामले में आ चुके हैं। इससे पहले, सोशल मीडिया पर अवैध सट्टेबाजी ऐप्स का प्रचार करने के मामले में कई फिल्मी हस्तियों के खिलाफ भी केस दर्ज किए गए थे, जिनमें अभिनेता राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, मांचू लक्ष्मी और निधि अग्रवाल के नाम शामिल हैं।
हैदराबाद पुलिस का एक्शन
इससे पहले हैदराबाद पुलिस ने मियापुर पुलिस स्टेशन में 25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिनमें फिल्मी सितारों के अलावा अन्य व्यक्ति भी शामिल थे। पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अवैध बेटिंग ऐप्स का प्रचार किया, जो सीधे तौर पर जुआ कानूनों का उल्लंघन कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन प्लेटफॉर्म्स का उद्देश्य खास तौर पर युवाओं और बेरोजगार लोगों को आकर्षित करना था, जिन्हें झूठे वादों के माध्यम से सट्टेबाजी के लिए ललचाया जाता था। इन ऐप्स पर सट्टा खेलते समय लोग न केवल वित्तीय संकट में फंस जाते थे, बल्कि समाज में व्याप्त मानसिक और शारीरिक समस्याओं का भी सामना करते थे।
सट्टेबाजी ऐप्स पर सरकार का सख्त रुख
सट्टेबाजी ऐप्स, जो जुआ और सट्टे की लत को बढ़ावा देते हैं, अब सरकार और कानून के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। इन प्लेटफॉर्म्स का प्रमोशन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का सरकार का निर्णय है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन बेटिंग ऐप्स के जरिए सिर्फ मनी लॉन्ड्रिंग नहीं होती, बल्कि यह समाज में सट्टेबाजी और जुए की लत को बढ़ावा देकर लोगों को आर्थिक रूप से कमजोर भी बना देते हैं। इसके चलते कई युवा बेरोजगारी के कारण इन ऐप्स पर बड़ी रकम दांव पर लगाकर अपनी वित्तीय स्थिति को और खराब कर लेते हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...