Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

March 12, 2025

तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Heavy rain expected in Tamil Nadu : मौसम विभाग ने दक्षिणी तमिलनाडु के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने बुधवार को बताया कि दक्षिणी तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार हैं। बारिश का कारण बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र है, जो तमिलनाडु के तट के पास है और समुद्र से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके चलते, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली और थूथुकुडी जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के साथ-साथ तेनकासी जिले में भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। साथ ही चक्रवाती तूफान के खतरे के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शहर के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद मंगलवार को तमिलनाडु में भारी बारिश हुई थी, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ, जबकि दालों, मूंगफली और मक्का जैसी गर्मियों की फसलों को लाभ भी हुआ है।

मंगलवार को डेल्टा क्षेत्र में भारी बारिश हुई थी, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि, क्षेत्र के किसान बारिश से खुश हैं और उनका दावा है कि इससे फसलों को लाभ मिलेगा। मंगलवार सुबह 11 बजे शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही, जबकि तिरुचिरापल्ली, तंजावुर, पेरम्बलुर और अरियालुर जैसे जिलों में मध्यम बारिश हुई। इसके अलावा तिरुवरुर, मयिलादुथुराई और नागपट्टिनम में पूरे दिन भारी बारिश दर्ज की गई।

तिरुचिरापल्ली में शाम 4 बजे तक औसतन 17.49 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो बाद में रात 8 बजे तक घटकर 15.18 मिमी रह गई। हालांकि, दोपहर में बारिश हल्की हुई थी, लेकिन शाम को यह और भी तेज हो गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। तंजावुर जिले में औसतन 17.45 मिमी बारिश हुई, लेकिन कोई खास नुकसान नहीं हुआ।

वहीं, तिरुवरुर शहर में सुबह से शाम 6 बजे के बीच सबसे अधिक 78.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि कोडावसल में 59 मिमी बारिश दर्ज की गई है।इसके अलावा, माइलादुथुराई जिले में पूरे दिन लगातार बारिश हुई। माइलादुथुराई में 23 मिमी, मनलमेडु में 30 मिमी और सेम्बनारकोइल में 25 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

हालांकि, भारी बारिश के बावजूद कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। किसानों ने आशा व्यक्त की है कि बारिश से उनकी खेती में मदद मिलेगी। खासकर ग्रीष्मकालीन धान और दालों, मूंगफली और मक्का जैसी मनावरी फसलों के लिए।

मौसम विभाग ने दक्षिणी तमिलनाडु में भारी बारिश को लेकर स्थानीय निवासियों और अधिकारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है और प्रभावित जिलों के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें