
मथुरा : टैस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद विराट कोहली अपनी पत्नी, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन स्थित राधाकेलीकुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। 7 मिनट की मुलाकात के दौरान प्रेमानंद जी ने उन्हें सुखी रहने का मंत्र भी दिया। इस दौरान कोहली व अनुष्का की आंखों में पानी और जुबां पर राधे-राधे था। सोशल मीडिया पर सामने आई वीडियो में प्रेमानंद महाराज सबसे पहले विराट-अनुष्का को बैठने के लिए कहते हैं और फिर पूछते हैं कि प्रसन्न तो हो? इस पर दोनों सिर हिलाकर कहते हैं, हां। इसके बाद महाराज कहते हैं कि हां, ठीक ही रहना चाहिए। इसके बाद प्रेमानंद जी महाराज कहते हैं, ‘हम आपको अपने प्रभु का विधान बताते हैं कि जब प्रभु किसी पर कृपा करते हैं तो क्या होता है। वैभव मिलना कृपा नहीं है, यह पुण्य है। पुण्य से एक घोर पापी को भी बल मिल जाता है, पाप करके भी उनका कोई पुण्य है जिसे वह भोग रहा है।
ये वैभव या यश का बढ़ना भगवान की कृपा नहीं मानी जाती है। अंदर के चिंतन से ही सब कुछ बदलता है। इससे आपके कई जन्मों के कर्म भस्म हो जाते हैं और अगला जो आता है, वह उत्तम होता है।’ उन्होंने बताया, ‘आज के समय में लोग केवल बाहरी चिंतन देखते हैं, अंदर के चिंतन पर कोई ध्यान नहीं देता है। कोई विरला ही इस पर ध्यान देता है। भगवान जब कृपा करते हैं तो संत समागम होता है। उनकी कृपा होने से अंदर से रास्ता मिलता है, जिसे शांति का रास्ता कहते हैं। बिना किसी लोभ के इंसान सरल बन जाता है और उसमें वैराग्य की भावना आ जाती है।’ उन्होंने कहा, ‘बिल्कुल ऐसे रहो जैसे रह रहे हो, सांसारिक बनकर रहो, लेकिन अंदर का चिंतन आपका बदल रहा है। अंदर के चिंतन में आपके यश की भावना न रह जाए। अंदर के चिंतन में आपको धन बढ़ाने की भावना न रह जाए। अंदर का चिंतन हो कि हे प्रभु, इस जन्म में बहुत समय व्यतीत हो गया। अब एक बार आपसे मिलना चाहते हैं। प्रभु, मुङो आप चाहिए, अब संसार नहीं.. तो बात बन जाएगी। तो इसलिए आनंदपूर्वक भगवान का नाम जप करो।’
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर की वो पवित्र गुफा, जहां आज भी परिवार संग विराजे हैं महादेव