Telangana Crime News: तेलंगाना के निजामाबाद जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां, 32 वर्षीय संध्या नाम की महिला ने अपने प्रेमी अनिल और उसके दोस्त वेंकट साई के साथ मिलकर अपने 35 वर्षीय पति प्रशांत की हत्या की साजिश रची। पुलिस का कहना है कि इस हत्या के पीछे संध्या का कथित विवाहेतर संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) मुख्य वजह था। यह घटना निजामाबाद जिले के मोपाल मंडल के न्यालाकल गांव की है। मामले का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद हुआ।
विदेश से लौटने के बाद पति को हुआ अफेयर का पता
पुलिस के मुताबिक, प्रशांत कुछ समय पहले खाड़ी देश में काम करता था। हाल ही में वह वापस अपने गांव लौटा था। घर लौटने के बाद उसे पत्नी संध्या के कथित प्रेम संबंध के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान संध्या ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पहले शराब पिलाई, फिर छत से नीचे धक्का दिया
पुलिस के अनुसार, 30 जून को तीनों आरोपियों ने पहले प्रशांत को खूब शराब पिलाई। जब वह नशे की हालत में था, तब उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे घर की छत से नीचे धक्का दे दिया गया।
हालांकि, ऊंचाई से गिरने के बावजूद प्रशांत की जान बच गई। उसे गंभीर चोटें आई थीं, इसलिए आरोपी उसे अस्पताल ले गए। वहां उन्होंने डॉक्टरों और अन्य लोगों को बताया कि प्रशांत नशे की हालत में खुद ही छत से गिर गया था।
अस्पताल में इलाज के दौरान रची गई दूसरी साजिश
जांच में सामने आया कि संध्या पहले एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम कर चुकी थी। पुलिस का आरोप है कि उसने अपने मेडिकल ज्ञान का गलत इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार, जब प्रशांत अस्पताल में भर्ती था और उसका इलाज चल रहा था, तब संध्या ने उसकी नस में लगी ड्रिप के जरिए टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर दिया। आरोप है कि इसी वजह से प्रशांत की मौत हो गई।
मां को हुआ शक, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
प्रशांत की मौत के बाद उसकी मां को पूरी घटना पर संदेह हुआ। उन्हें लगा कि बेटे की मौत सामान्य हादसा नहीं है। इसके बाद उन्होंने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पोस्टमॉर्टम और पूछताछ में सामने आई सच्चाई
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण बातें सामने आईं। पुलिस ने संध्या, उसके प्रेमी अनिल और वेंकट साई से पूछताछ की। जांच एजेंसियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान संध्या ने हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। वहीं, वेंकट साई ने भी पहली बार छत से धक्का देकर हत्या की कोशिश में शामिल होने की बात कबूल की।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने संध्या, अनिल और वेंकट साई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि हत्या की योजना कब बनाई गई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

