Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

कोलंबिया में बोले राहुल गांधी; भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा लोकतंत्र पर हमला

October 3, 2025

कोलंबिया में बोले राहुल गांधी; भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा लोकतंत्र पर हमला

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेश में जाकर भारत के लोकतंत्र पर टिप्पणी की है। उन्होंने कोलंबिया के ईआईए यूनिवर्सिटी में एक संवाद कार्यक्रम में कहा कि भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा लोकतंत्र पर हमला है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत में कई धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं। लोकतांत्रिक प्रणाली इन सभी को स्थान देती हैं, लेकिन अभी भारत में लोकतंत्र पर हर तरफ से हमला हो रहा है। भारत की वैश्विक भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत की 1.4 अरब की आबादी में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन भारत का ढांचा चीन से बिल्कुल अलग है।

चीन एक केंद्रीकृत और एकरूप प्रणाली वाला देश है, जबकि भारत में अनेक भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और धर्म हैं। भारत की व्यवस्था कहीं अधिक जटिल है।‘ उन्होंने कहा कि भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है और वह बहुत आशावादी हैं। इसके साथ ही, राहुल गांधी ने कहा, ‘भारतीय संरचना में भी कई कमियां हैं, कुछ जोखिम हैं, जिनसे भारत को पार पाना होगा। सबसे बड़ा जोखिम लोकतंत्र पर हो रहा हमला है।‘ उन्होंने कहा, ‘भारत में आर्थिक विकास के बावजूद, हम रोजगार देने में असमर्थ हैं, क्योंकि हमारी अर्थव्यवस्था सेवा-आधारित है और हम उत्पादन करने में असमर्थ हैं।‘

देश को नीचा दिखा रहे राहुल गांधी : भाजपा
भाजपा ने कोलंबिया में राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की और उन पर विदेशी धरती पर भारत का अपमान करने एवं देश को नीचा दिखाने का आरोप लगाया। राहुल की टिप्पणी का एक वीडियो क्लिप ‘एक्स’ पर साझा करते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ‘राहुल गांधी ने फिर वही किया, विदेशी धरती पर भारत का अपमान किया। लंदन में हमारे लोकतंत्र को बदनाम करने से लेकर अमरीका में हमारी संस्थाओं का मजाक उड़ाने तक और अब कोलंबिया में भी, वह भारत को वैश्विक मंच पर अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।’ कांग्रेस नेता की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाटिया ने कहा, ‘यह असहमति नहीं है।’ भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘आपने सत्ता खो दी। देशभक्ति मत खोइए। भाजपा की आलोचना करना आपका अधिकार हो सकता है, लेकिन अपनी घटिया और तुच्छ राजनीति के लिए भारत माता को बदनाम करने की (आप) हिम्मत कैसे कर सकते हैं।’

ये भी पढ़ें: Bomb Threat: पंजाब बजट के दौरान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें