Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस में उपलब्ध होंगी 19 आपातकालीन जीवन रक्षक सुविधाएं

October 12, 2025

नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस में उपलब्ध होंगी 19 आपातकालीन जीवन रक्षक सुविधाएं

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ओकओवर से 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस का राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा 108 (एनएसए) में समायोजन और स्वास्थ्य विभाग व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित तंबाकू मुक्त युवा अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा 108 योजना के तहत 241 एंबुलेंस प्रदेश भर में क्रियाशील हैं, जो आपातकालीन परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। आज 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस को इस बेड़े में शामिल किया गया है।

इन एंबुलेंस में जीवन रक्षक स्वास्थ्य सेवा उपकरण जैसे ट्रांसपोर्ट वेंटिलेटर, ईसीजी मशीन, आपातकालीन एंबू बैग, ऑक्सीजन सिलेंडर, रक्तचाप निगरानी मशीन सहित 19 आपातकालीन जीवन रक्षक सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन एंबुलेंस को सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के अस्पतालों, जिला चिकित्सालयों, सिविल अस्पतालों और अन्य दूरदराज के स्थानों पर तैनात किया जा रहा है, ताकि आपात स्थितियों में मरीजों को स्थानांतरित किया जा सके। इन एबुलेंस में आपातकालीन चिकित्सा देखभाल के लिए आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।

मुख्यमंत्री ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश देशभर में जन-स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी राज्य है। तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 हमारे युवाओं को तंबाकू के खतरों से बचाने की प्रदेश सरकार की एक और सशक्त पहल है। यह अभियान 60 दिन यानी 8 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें जागरूकता, रोकथाम और तंबाकू नियंत्रण कानूनों के सख्त पालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तंबाकू हर साल भारत में 1.35 लाख से अधिक लोगों की जान लेता है और गंभीर बीमारियां जैसे कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की समस्याएं पैदा करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी प्रकार के तंबाकू उपयोग, ई-सिगरेट और हुक्का बार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस और लाइंग स्क्वाड लगातार अभियान चलाकर हुक्का बार और ई-सिगरेट पर पूर्ण प्रतिबंध की अनुपालना सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक संजय अवस्थी, महापौर सुरेन्द्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क राजीव कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें : बिहार की राजनीति में हलचल तेजः नीतीश कुमार ने बुलाई JDU की अहम बैठक, निशांत को मिल सकती है…

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें