Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

योगी सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनेंगे 1.40 करोड़ परिषदीय बच्चे

August 13, 2024

योगी सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनेंगे 1.40 करोड़ परिषदीय बच्चे

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अन्तर्गत मंगलवार को प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। 13 से 15 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में 15 अगस्त को परिषदीय विद्यालयों के 1.40 करोड़ बच्चे भी अभियान का हिस्सा बनेंगे। तैयारियां पूरी कर चुके बेसिक शिक्षा विभाग ने इसका क्रियान्वयन शुरु कर दिया है।

योगी सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के निर्देशन और विभागीय अधिकारियों की देखरेख में मीना मंच के पदाधिकारियों ने तिरंगा फहराने का क्रम शुरू किया है। यह अगले तीन दिनों तक सूर्योदय के बाद तिरंगा को फहराते रहेंगे और सूर्यास्त से पूर्व तिरंगा को उतार कर सुरक्षित रखने का कार्य करते रहेंगे। 15 अगस्त को प्रदेश के सभी परिषदीय विद्यालयों के लगभग 1.40 करोड़ बच्चे इस अभियान का हिस्सा बनेंगे।

बता दें कि योगी सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी, गैर-सरकारी संस्थाओं, विद्यालयों और आवासित घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का क्रम चल रहा है। इससे प्रदेश के सभी नागरिकों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करने और स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव पैदा करने के उद्देश्य को बल मिल रहा है।

#सूर्योदय के बाद फहराया जा रहा तिरंगा:

परिषदीय विद्यालयों के मीना मंच पदाधिकारियों ने मंगलवार की सूर्योदय के बाद अपने विद्यालय परिसर में तिरंगा फहराने का क्रम शुरू किया। 15 अगस्त यानी अगले तीन दिनों तक सूर्योदय के बाद झंडा फहराया जाना शुरू कर दिया गया है। सूर्यास्त से पूर्व इसे उतारने का दायित्व भी सुनिश्चित किया जा चुका है। इस दौरान का सेल्फी लेकर विभाग को भेजने सम्बन्धी निर्देश दिये गये हैं।

#बेसिक विभाग की यह है तैयारी:

योगी आदित्यनाथ सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान की सफलता के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ा है। अन्य विभागों के लिए किये गये प्रबंधों के अलावा बेसिक शिक्षा के लिए भी प्रबंध किये गये हैं। योगी सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा को झंडा उपलब्ध कराने सम्बन्धी निर्देश समस्त जिलाधिकारियों को पहले ही दिया जा चुका है।

#बन चुका है कीर्तिमान:

योगी सरकार के नेतृत्व में वर्ष 2022 व 2023 में भी हर घर तिरंगा अभियान का भव्यपूर्ण और सफल क्रियान्वयन हो चुका है। प्रदेश के समस्त विभागों ने इन अभियानों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया था और ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रदेश के समस्त आवासित घरों, सरकारी तथा गैर सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों पर तिरंगा फहराने में सफलता अर्जित की थी। इन वर्षों में सरकारी तथा गैर-सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों पर क्रमशः लगभग 5 करोड़ एवं 4.5 करोड तिरंगा फहराने का कीर्तिमान स्थापित हुआ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें