अंबाला। प्रदेश में एनसीआर और दिल्ली के नजदीक शुरू से ही बदलाव नजर आ रहा है। शुरुआती दिनों से ही तेज हवाएं, आंधी-अंधड़ और हल्की बारिश-बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट बनी है।
हीट वेव के तेवर रहेंगे कमजोर
प्रदेश के राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी और मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मौसम में एक बार फिर बदलाव होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण इस बार मई महीने में गर्मी और हीट वेव के तेवर कमजोर पड़े हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली दक्षिण-पूर्वी नमी वाली हवाओं के चलते दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे बना है।
आज रात को नया पश्चिमी विक्षोभ
वर्तमान में हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 39.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 10 मई की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से पंजाब के मध्यवर्ती हिस्सों पर चक्रवातीय परिसंचरण बनने और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी पहुंचने की संभावना है। इसके चलते 11 से 13 मई के दौरान हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवा
उन्होंने बताया कि इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी और अंधड़ चलने की प्रबल संभावना है। किसानों और आमजन को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के दौरान खेतों और खलिहानों में रखे तूड़े में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए विशेष सतर्कता बरती जाए। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 14 मई के बाद पश्चिमी गर्म और शुष्क हवाएं सक्रिय होने लगेंगी, जिससे वातावरण की नमी कम होगी और गर्मी दोबारा अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर देगी।
15 मई के बाद चलेगी हीट वेव
15 मई के बाद हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में हीट वेव और लू का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ और हिसार में फिलहाल आंशिक बादलवाही देखने को मिल रही है। दोनों जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। महेंद्रगढ़ जिले में नारनौल का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37.5 और 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महेंद्रगढ़ में यह 36.6 और 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Also Read :
Also Read :
Also Read :

