Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में बनने जा रहा है दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम, पेरिस के लूव्र को भी छोड़ेगा पीछे

January 16, 2026

दिल्ली में बनने जा रहा है दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम, पेरिस के लूव्र को भी छोड़ेगा पीछे

नेशनल डेस्क: अगर आपसे कहा जाए कि भारत में जल्द ही ऐसा म्यूजियम बनने वाला है, जो आकार में पेरिस के प्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम से भी बड़ा होगा और जिसमें देश के 5 हजार साल के इतिहास को एक ही जगह देखा जा सकेगा, तो यह किसी सपने जैसा लगेगा। लेकिन यह सपना अब सच बनने जा रहा है। देश की राजधानी नई दिल्ली के रायसीना हिल पर स्थित ऐतिहासिक नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक को अब एक भव्य सांस्कृतिक केंद्र में बदला जा रहा है। यहां भारत का ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय बनने जा रहा है, जिसका नाम Yuge Yugeen Bharat Museum होगा।

2026 के अंत तक खुलेगी पहली गैलरी

इस ऐतिहासिक म्यूजियम की शुरुआत जल्द ही होने वाली है।अधिकारियों के मुताबिक, साल 2026 के अंत तक नॉर्थ ब्लॉक में इसकी पहली गैलरी आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी। इस गैलरी में करीब 100 ऐसी महत्वपूर्ण कलाकृतियां और ऐतिहासिक धरोहरें प्रदर्शित की जाएंगी, जो भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और दार्शनिक विरासत को दर्शाएंगी। यह पहली झलक म्यूजियम के भविष्य के विशाल स्वरूप का संकेत होगी।

ये भी पढ़ें: तार तार हुए रिश्ते… होटल में आशिक संग रंगरेलियां मना रही थी पत्नी, पुलिस लेकर पहुंचा पति

लूव्र म्यूजियम से भी बड़ा होगा आकार

पूरा बन जाने के बाद ‘युगे युगीन भारत राष्ट्रीय म्यूजियम’ करीब 1.55 लाख वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैला होगा। इसमें से 80 हजार वर्ग मीटर से अधिक जगह केवल प्रदर्शनी के लिए रखी जाएगी। यहां सिंधु घाटी सभ्यता से लेकर आधुनिक भारत तक की कहानी को दिखाने वाली 80 हजार से 1 लाख तक ऐतिहासिक वस्तुएं और कलाकृतियां रखी जाएंगी। आकार और संग्रह के मामले में यह म्यूजियम दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालयों में शामिल हो जाएगा।

पुरानी धरोहरों को मिलेगा नया जीवन

इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसके लिए कोई नई इमारत नहीं बनाई जा रही। ब्रिटिश काल की ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक इमारतों का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इसे ‘एडेप्टिव रीयूज’ कहा जा रहा है, यानी पुरानी इमारतों की मूल वास्तुकला को सुरक्षित रखते हुए उन्हें नए उद्देश्य के लिए ढाला जाएगा। मंत्रालयों को पहले ही नए दफ्तरों में स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस परियोजना से जुड़ा एक वीडियो साझा कर चुके हैं, जिसमें इस बदलाव की झलक देखने को मिली है।

30 थीम गैलरी और सालाना एक करोड़ दर्शक

आने वाले तीन वर्षों में इस म्यूजियम में लगभग 30 अलग-अलग विषयों पर आधारित गैलरी तैयार की जाएंगी। अधिकारियों का अनुमान है कि म्यूजियम के पूरी तरह शुरू होने के बाद यहां हर साल करीब 1 करोड़ देशी और विदेशी पर्यटक आएंगे। दर्शकों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। दिव्यांगजनों के लिए विशेष रास्ते बनाए जाएंगे। इसके अलावा नॉर्थ और साउथ ब्लॉक को जोड़ने के लिए एक अंडरग्राउंड टनल बनाने का प्रस्ताव है, जो एक सांस्कृतिक गलियारे की तरह काम करेगी। कुल मिलाकर ‘युगे युगीन भारत म्यूजियम’ आने वाले समय में न सिर्फ दिल्ली, बल्कि पूरी दुनिया के संस्कृति और इतिहास प्रेमियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनने वाला है।

ये भी पढ़ें: आलोचनाओं के बीच ‘बाबा महाकाल’ के दर्शन करने पहुंचे गौतम गंभीर, शिव भक्ति में हुए लीन

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें