Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

महिलाओं की एक ही जाति है, लेकिन विपक्ष महिलाओं को भी बांटने की कर रहा है कोशिश : PM Modi

December 9, 2023

महिलाओं की एक ही जाति है, लेकिन विपक्ष महिलाओं को भी बांटने की कर रहा है कोशिश : PM Modi

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधान सभा चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों को देश की बहुत बड़ी आबादी के अभाव में रहने और मुसीबतों एवं तकलीफों के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर देश की महिलाओं को भी जातियों में बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विकसित भारत संकल्प यात्र के लाभार्थयिों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करते हुए विपक्षी दलों पर महिलाओं को बांटने (जाति आधार पर) का आरोप लगाते हुए कहा कि सभी महिलाओं को एक रहना है। आजकल लोग हमारी महिलाओं के बीच में भी दरारें कर रहे हैं, उन्हें बांटने की कोशिश कर रहे हैं। यह सही नहीं है। सब महिलाएं एक हैं और महिलाओं की एक ही जाति है।

प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर हमला जारी रखते हुए कहा कि अगर विपक्षी दलों ने राजनीतिक स्वार्थ की बजाय सेवाभाव को सवरेपरि रखा होता, सेवाभाव को ही अपना काम समझा होता, तो देश की बहुत बड़ी आबादी अभाव में, मुसीबतों में, तकलीफों में न रहती। उन्होंने कहा कि देश में हाल में हुए विधान सभा चुनावों के परिणामों की आज भी बहुत चर्चा हो रही है। इन चुनाव नतीजों ने साफ कर दिया है कि मोदी की गारंटी में ही दम है। जनता को विपक्षी दलों के झूठे वादे पर भरोसा नहीं है। वे सभी मतदाताओं के आभारी हैं, जिन्होंने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया।

पीएम माेदी ने कहा कि उनके लिए देश का हर गरीब, देश की हर माता-बहन-बेटी, देश का हर किसान, देश का हर युवा वीआईपी है। मोदी की गारंटी वाली गाड़ी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके परिवारजन तक पहुंचने का उनके सेवक का यह प्रयास है। वे आपके गांव तक आ रहे हैं, गाड़ी के माध्यम से आ रहे हैं। इसलिए कि आपके सुख-दुख का साथी बनूं, आपके आशा-आकांक्षाओं को समझूं। उसको पूरा करने के लिए सरकार की पूरी शक्ति लगाऊं। मोदी की गारंटी वाली गाड़ी को लेकर जो उत्साह गांव-गांव में दिख रहा है, हिंदुस्तान के कोने-कोने में दिख रहा है, चाहे उत्तर हो, दक्षिण हो, पूरब हो, पश्चिम हो। बहुत ही छोटा गांव या बड़ा गांव हो, लोग गाड़ी को खड़ी करके सारी जानकारियां लेते हैं। नारी शक्ति हो, युवा शक्ति हो, किसान हो या फिर गरीब, विकसित भारत संकल्प यात्रा के प्रति इनका समर्थन अद्भुत है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश भर के गांवों में करोड़ों परिवारों को उनकी सरकार की किसी न किसी योजना का जरूर लाभ मिला है। जब ये लाभ मिलता है तो एक विश्वास बढ़ता है। जिंदगी जीने की एक नई ताकत आ जाती है। पहले जो भीख मांगने की मन:स्थिति रहती थी, अब वो गई। सरकार ने लाभार्थियाें की पहचान की और फिर उन तक लाभ पहुंचाने के कदम उठाए। तब ही आज लोग कहते हैं-मोदी की गारंटी यानी, गारंटी पूरी होने की गारंटी।

विकसित भारत संकल्प यात्रा ऐसे लोगों तक पहुंचने का बहुत बड़ा माध्यम बनी है, जो अब तक सरकार की योजनाओं से नहीं जुड़ पाए। यह बहुत बड़ी बात है कि इतने कम समय में अब तक सवा करोड़ से अधिक लोग मोदी की गारंटी वाली गाड़ी तक पहुंचे हैं और उसका स्वागत किया है, उससे जुड़ने की कोशिश की है और उसे सफल बनाने का काम किया है। सरकार की लगातार कोशिश है कि जब मोदी की गारंटी वाली गाड़ी पहुंचे तो गांव का हर एक व्यक्ति उस गाड़ी तक जरूर पहुंचना चाहिए, तब ही हम हर लाभार्थी तक पहुंच पाएंगे, क्योंकि हमें देश को आगे बढ़ाना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें