नेशनल डेस्क: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने खेल विभाग में बंपर बहाली की घोषणा कर दी है, जिससे सैकड़ों युवाओं को रोजगार का सुनहरा अवसर मिलने वाला है। यह बहाली लंबे समय से खेल क्षेत्र में नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।
खेल विभाग में 824 पदों पर होगी भर्ती
नवगठित बिहार खेल विभाग में कुल 824 पदों पर बहाली की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इन पदों में खेल प्रशिक्षकों से लेकर क्रीड़ा सेवा संवर्ग के अधिकारी, खेल लिपिक और अन्य तकनीकी व प्रशासनिक पद शामिल हैं। इससे राज्य के खेल ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को उभारने का नया मंच मिलेगा।
तीन आयोगों को भेजा गया प्रस्ताव
खेल विभाग ने इन नियुक्तियों के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) और बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) को अधियाचन भेजा है। इसके तहत हर आयोग अपनी-अपनी प्रक्रिया के अनुसार बहाली की जिम्मेदारी निभाएगा।
क्रीड़ा सेवा संवर्ग में पद सृजन और भर्ती
राज्य सरकार ने बिहार खेल सेवा संवर्ग के अंतर्गत कुल 44 नए पदों का सृजन किया है, जिनमें से 11 पद प्रोन्नति के माध्यम से और 33 पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाएंगे। इन पदों की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए BPSC को अधियाचन भेज दिया गया है।
लिपिकीय सेवा संवर्ग की भी हुई मंजूरी
खेल विभाग में लिपिकीय सेवा संवर्ग का गठन भी कर दिया गया है। इस संवर्ग में 80 पदों की स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें से 53 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है। ये बहालियाँ निकट भविष्य में पूरी की जाएंगी।
खेल क्षेत्र में आएगा बड़ा बदलाव
इस बंपर बहाली से न सिर्फ युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य के कोने-कोने में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्रशिक्षकों की तैनाती से गांवों और शहरों में छुपी प्रतिभाओं को पहचानने और निखारने का अवसर मिलेगा, जिससे बिहार खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकेगा।
ये भी पढ़ें : Aamir Khan Birthday Special: ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ ने सिनेमा को दी नई सोच और पहचान

