नेशनल डेस्क: कुसुमखेड़ा चौराहे पर स्थित राधिका ज्वेलर्स की दुकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोर दुकान से लाखों रुपये कीमत के सोने और चांदी के आभूषण चुरा ले गए। चोरी का पता तब चला जब रविवार सुबह दुकान स्वामी ने शोरूम खोला।
जानकारी के अनुसार, कालाढूंगी मुख्य सड़क पर कुसुमखेड़ा चौराहे के पास स्थित राधिका ज्वेलर्स शनिवार को बंद रहती है। शुक्रवार रात चोरों ने इसी का फायदा उठाया। रविवार सुबह जब दुकान स्वामी नवनीत शर्मा दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान की एक दीवार टूटी हुई थी, शोकेस खाली थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर दुकान के बगल में स्थित एक अन्य दुकान के रास्ते अंदर घुसे। बताया जा रहा है कि पास की दुकान हाल ही में किराए पर ली गई थी, जहां कपड़ों का शोरूम बनाने के लिए कई दिनों से कारपेंटर काम कर रहे थे। पुलिस को शक है कि इन्हीं कारपेंटरों ने इस चोरी को अंजाम दिया है।
ये भी पढ़ें: बिल न भर पाने पर बेटे का शव देने से अस्पताल ने किया इंकार, लोगों के सामने हाथ फलाने के लिए मजबूर हुआ पिता
चोरों ने दीवार तोड़ने के लिए छैनी और हथौड़ी का इस्तेमाल किया। इसके बाद उन्होंने गैस कटर मशीन से दुकान की तिजोरी काटने की भी कोशिश की, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए। हालांकि शोकेस में रखे सभी सोने और चांदी के आभूषण चोर ले गए।
दुकान में लगे छह अंदरूनी और दो बाहरी सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी चोर अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस के अनुसार, चोर वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
दुकान स्वामी नवनीत शर्मा ने बताया कि उनकी दुकान में रखे 11 शोकेस पूरी तरह खाली हैं। शुरुआती आकलन के अनुसार करीब 25 किलो चांदी और लगभग 400 ग्राम सोना चोरी हुआ है। फिलहाल नुकसान का सही आंकलन किया जा रहा है।
सूचना मिलने पर मुखानी थाना अध्यक्ष सुनील जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि जल्द ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
चोरी की खबर फैलते ही कालाढूंगी मुख्य सड़क पर स्थित दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय व्यापारियों में भी घटना को लेकर आक्रोश और डर का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
Video: तेज़ रफ्तार थार बनी जानलेवा, बाइक सवार दंपती समेत युवती घायल