Site icon Dainik Savera Times

आपस में टकराईं श्रद्धालुओं से भरी तीन बसें, 70 से अधिक लोग घायल

नेशनल डेस्क: सोमवार की देर रात जामताड़ा से बोकारो के लगुबुरु घंटाबाड़ी के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी तीन बसें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में 70 से अधिक लोग घायल हो गए। घायल को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए SNMMCH धनबाद भेजा गया। वहीं मामूली रूप से घायल और बचे हुए लोगों ने फिलहाल स्थानीय एक पेट्रोल पंप पर आश्रय लिया हुआ है।

सुबह 9 बजे एक साथ रवाना हुई थीं बसें

तीनों बसें सोमवार की सुबह करीब 9 बजे नाला पेट्रोल पंप से बोकारो के लालपनिया के लिए एक साथ रवाना हुईं थी। तीनों ही बसों में आदिवासी समुदाय के लोग सवार थे, जो लगुबुरु घंटाबाड़ी में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। बस में सवार एक महिला यात्री लतिका सोरेन ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह 9 बजे वहां पूजा करनी थी। दुर्घटना के समय सभी गहरी नींद में थे।

ये भी पढ़ें: ट्रक और कार की जबरदस्त टक्कर, 6 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम

लतिका सोरेन के अनुसार, उनकी बस सबसे पीछे चल रही थी। जैसे ही सामने जा रही बस से जोरदार टक्कर हुई, बस में चीख-पुकार मच गई। टक्कर लगते ही सभी लोग अपनी सीट से गिर पड़े। दरवाजा लॉक हो जाने के कारण बस का सामने का शीशा तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया।

सामने जा रही दूसरी बस को भी पीछे से ठोकर लगने के बाद वह भी रुक गई जबकि सबसे आगे चल रही बस मौके से निकल गई। हादसे के बाद पीछे की दोनों बसों में सवार करीब 120 यात्री वाहन से निकलकर पेट्रोल पंप पर रुके हुए हैं।

घायलों में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का टूटा हाथ

हादसे में टाडा निवासी करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग रास मुनि देवी का हाथ टूट गया है। इनके अलावा सोनाली हांसदा, बसंती किस्कू, धन टुडू, लूखी मुनि हेंब्रम, बाय हेंब्रम, मंगोली सोरेन, राज देव मरांडी, दीपक मुर्मू सहित तीन दर्जन से अधिक महिला व पुरुष यात्री घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ये भी पढ़ें: कॉलेज छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाईः एनकाउंटर में तीनों आरोपी गिरफ्तार

Exit mobile version