Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलावट, नकली देसी घी में बनाए गए लड्डू

November 12, 2025

तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलावट, नकली देसी घी में बनाए गए लड्डू

नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) में चढ़ाए जाने वाले लड्डू प्रसाद को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है, जांच एजेंसी ने मंगलवार को इस मामले में टीटीडी के पूर्व प्रमुख ए.वी. धर्म रेड्डी से पूछताछ की है। आरोप है कि लड्डू में इस्तेमाल होने वाला घी नकली था।

क्या है पूरा मामला?

सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित एक जांच टीम ने पाया कि तिरुमला के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में प्रसाद के रूप में दिए जाने वाले तिरुपति लड्डू की तैयारी में मिलावटी घी का इस्तेमाल किया गया था। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियों ने पूरे मामले की तहकीकात शुरू कर दी। पूर्व कार्यकारी अधिकारी (EO) ए.वी. धर्म रेड्डी मंगलवार को तिरुपति में एसआईटी (SIT) कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई।

ये भी पढ़ें: देश में शुरू हुई ई-पासपोर्ट सेवा, जानें कैसे करें अपलाई

68 लाख किलो नकली घी की सप्लाई

जांच एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2019 से 2024 के बीच मंदिर प्रशासन को करीब 68 लाख किलोग्राम नकली घी सप्लाई किया गया। इसकी कीमत लगभग 250 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि यह घी उत्तराखंड की एक डेयरी से खरीदा गया था, जिसने दूध या मक्खन का इस्तेमाल किए बिना इतना बड़ा स्टॉक तैयार कर दिया, जांच में पता चला कि घी वास्तव में ताड़ के तेल, ताड़ की गिरी के तेल और औद्योगिक रसायन (एसिटिक एसिड एस्टर) को मिलाकर बनाया गया था। इससे शुद्धता जांच (रीचर्ट-मीसल वैल्यू टेस्ट) को धोखा देना आसान हो गया था।

पूर्व अधिकारियों की भूमिका पर सवाल

जांच एजेंसी का कहना है कि घी की यह मिलावट पूर्व ईओ ए.वी. धर्म रेड्डी के कार्यकाल के दौरान बड़े स्तर पर हुई। इसी दौरान टीटीडी के पूर्व अध्यक्ष वाई.वी. सुब्बा रेड्डी के करीबी और उनके पूर्व निजी सहायक चिन्ना अप्पन्ना को गिरफ्तार किया गया।

अप्पन्ना पर आरोप है कि उन्होंने अयोग्य डेयरी कंपनियों को ठेके दिलाने और निविदा प्रक्रिया में हेरफेर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब एसआईटी उसी कड़ी में पूर्व प्रमुख धर्म रेड्डी से पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें: अबकी बार 400 पार! सांस लेने लायक नहीं रही राजधानी की हवा, हाइब्रिड मोड में संचालित होंगे स्कूल

जल्द और लोगों से होगी पूछताछ

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी जल्द ही पूर्व अध्यक्ष वाई.वी. सुब्बा रेड्डी को भी नोटिस जारी कर सकती है। एजेंसी का मकसद यह पता लगाना है कि खरीद प्रक्रिया से लेकर गुणवत्ता जांच तक किन अधिकारियों ने लापरवाही या भ्रष्टाचार किया, जिससे लड्डू प्रसाद की पवित्रता पर दाग लगा।

क्यों है मामला गंभीर?

तिरुमला तिरुपति मंदिर देश के सबसे आस्थावान और धनी मंदिरों में से एक है। यहां रोज लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और तिरुपति लड्डू को प्रसाद के रूप में घर ले जाते हैं। ऐसे में इस पवित्र प्रसाद में नकली घी का इस्तेमाल श्रद्धालुओं की भावना और मंदिर की छवि दोनों पर चोट के समान माना जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें