
Today weather 22 May 2026: मई की भीषण गर्मी से पूरा उत्तर भारत तप रहा है। दिल्ली से लेकर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब तक कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 5 दिनों तक उत्तर भारत में लू का प्रकोप जारी रह सकता है और कई शहरों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है।
हालांकि इस भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है। देश के 16 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियां तेजी पकड़ रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी
दिल्ली-NCR इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि 23 मई की रात से धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
यूपी में तापमान 48 डिग्री के पार
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि प्रयागराज, लखनऊ, आगरा, वाराणसी और नोएडा में भी लू लोगों को परेशान कर रही है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। वहीं मथुरा, गोरखपुर, देवरिया और कुछ अन्य इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में हालात गंभीर
राजस्थान में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। बीकानेर, गंगानगर और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर कम नहीं हुआ है। पंजाब के पटियाला, बठिंडा और फरीदकोट में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। हालांकि आज सुबह से कई इलाकों में बारिश देखने को मिली है। हरियाणा के हिसार, सिरसा और गुरुग्राम में भी लोग उमस और गर्म हवाओं से परेशान हैं।
पहाड़ी राज्यों में सुहावना मौसम
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना हुआ है। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और कांगड़ा में तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 22 मई 2026
बिहार में बारिश
बिहार के गया,किशनगंज, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। पटना में बादलों के कारण उमस बढ़ने की संभावना है।
बंगाल और झारखंड में तेज बारिश
झारखंड में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की है। तो वहीं पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कूचबिहार, मुर्शिदाबाद और उत्तर 24 परगना में भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक तेज
दक्षिण भारत के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही केरल पहुंच सकता है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और तेज तूफानी हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...