Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली-यूपी समेत 23 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

June 30, 2026

दिल्ली-यूपी समेत 23 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

Today weather 30 June 2026: देशभर में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इसका असर देश के अधिकांश हिस्सों में दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 72 घंटों के दौरान 23 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में तेज़ हवाएं, आकाशीय बिजली और जलभराव जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं।

उत्तर भारत में बदलेगा मौसम
आईएमडी के मुताबिक, मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और नेपाल सीमा तक पहुंच चुकी है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बड़े हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है।

दिल्ली में मध्यम बारिश
दिल्ली-एनसीआर में 30 जून से बादलों की आवाजाही और हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 से 4 जुलाई के बीच वर्षा की तीव्रता बढ़ेगी, जिससे अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि कुछ इलाकों में शुरुआती दिनों में गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।

ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: आज मंगलवार के दिन किस राशि की चमकेगी किस्मत? पढ़ें 12 राशियों का राशिफल

 

इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और केरल में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में भी तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने की ओर बढ़ रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज से 3 जुलाई तक अच्छी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2 जुलाई तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई जिलों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

वहीं उत्तराखंड में 30 जून से 5 जुलाई के बीच लगातार बारिश होने का अनुमान है। पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं अत्यधिक वर्षा हो सकती है, जिससे भूस्खलन, अचानक बाढ़, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है।

बिहार-झारखंड और मध्य भारत में सक्रिय मानसून
बिहार के उत्तर और मध्य हिस्सों में अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कई जिलों में बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है। झारखंड में 30 जून और 1 जुलाई को कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Today Hukamnama 30 June 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और महाराष्ट्र में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। मध्य प्रदेश में 2 से 4 जुलाई के बीच कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी मूसलाधार बारिश का अनुमान है। गुजरात में भी 3 जुलाई के बाद वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ में अच्छी बारिश के आसार हैं।

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश
केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। केरल और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में अत्यधिक वर्षा हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और आसपास के राज्यों में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें