Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update : जल्द बढ़ेगी ठंड! कई राज्यों में भारी बारिश के आसार; जानें अपने शहर के मौसम का हाल

October 24, 2025

Weather Update : जल्द बढ़ेगी ठंड! कई राज्यों में भारी बारिश के आसार; जानें अपने शहर के मौसम का हाल

Today Weather Update : देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जहां एक ओर जहां उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने के संकेत हैं, वहीं दक्षिण और पश्चिम भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके कारण आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और गोवा में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, कोंकण और गोवा में भारी बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में अगले 48 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

आईएमडी की चेतावनी और पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह लो-प्रेशर सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ेगा और अगले 24 घंटों में और सक्रिय हो सकता है। वहीं, तमिलनाडु के तट से सटे अरब सागर में बना दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ गया है और अब यह पूर्व-मध्य अरब सागर की ओर बढ़ रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तमिलनाडु के कोयंबटूर, तिरुप्पुर, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, तेनकासी, वेल्लोर और तिरुवन्नामलाई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

महाराष्ट्र और गुजरात में भी होगी बारिश
मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में 24 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, 25 और 26 अक्टूबर को गुजरात रीजन, सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली और उत्तर भारत में ठंड की दस्तक
उत्तर भारत की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में इस हफ्ते मौसम सामान्य रहेगा। 24 से 26 अक्टूबर तक सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छाने के आसार हैं, जबकि दिन के समय आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 31°C से 33°C और न्यूनतम तापमान 17°C से 20°C के बीच रह सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले 2-3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और हिमाचल प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें