नेशनल डेस्क: मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। यह घटना मंगलवार शाम को जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर गढ़ी इलाके में हुई।
पुलिस के अनुसार, गैरतगंज तहसील के आदिवासी गांव भिलाड़िया से आदिवासी समाज के 32 लोग एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही गढ़ी पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत गैरतगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में अयोध्या बाई (60 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सात लोगों की हालत गंभीर है, जिनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 32 लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...