नेशनल डेस्क: वैलेंटाइन डे जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे ऑनलाइन गिफ्ट, शॉपिंग और सोशल मीडिया की गतिविधियां तेज हो गई हैं। 14 फरवरी को अपने पार्टनर को खास महसूस कराने के लिए लोग गिफ्ट, ट्रिप और सरप्राइज की तैयारी कर रहे हैं लेकिन इसी बीच साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। प्यार, गिफ्ट और सरप्राइज के नाम पर भेजा गया एक गलत लिंक आपके बैंक खाते को खाली कर सकता है। ऐसे में सावधान रहना बेहद जरूरी है।
रोमांस स्कैम का बढ़ता खतरा
वैलेंटाइन वीक के दौरान सबसे ज्यादा मामले रोमांस स्कैम के सामने आते हैं। ठग नकली प्रोफाइल बनाकर डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया पर लोगों से दोस्ती करते हैं। शुरुआत में सामान्य बातचीत होती है, फिर धीरे-धीरे इमोशनल मैसेज ‘आई लव यू’ जैसे शब्दों से भरोसा जीता जाता है, जब सामने वाला पूरी तरह विश्वास कर लेता है तो ठग अचानक किसी मेडिकल इमरजेंसी, नौकरी की परेशानी या मिलने आने के बहाने पैसों की मांग कर देते हैं। जैसे ही पैसा ट्रांसफर किया जाता है, उनका अकाउंट गायब हो जाता है।
फ्री गिफ्ट और डिलीवरी के नाम पर धोखा
कई लोगों को इस दौरान मैसेज या कॉल आता है कि उनके लिए कोई सरप्राइज गिफ्ट या फूलों की डिलीवरी आई है। डिलीवरी के लिए लिंक पर क्लिक करने या ओटीपी बताने को कहा जाता है। जैसे ही कोई ओटीपी शेयर करता है, ठग बैंक खाते तक पहुंच बना लेते हैं। बिना पुष्टि के ऐसे मैसेज पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है।
गिवअवे और कॉन्टेस्ट स्कैम
सोशल मीडिया पर फ्री डिनर, हॉलिडे पैकेज या महंगे गिफ्ट जीतने के दावे वाले पोस्ट तेजी से वायरल होते हैं। इन पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक कर फॉर्म भरने और छोटी-सी प्रोसेसिंग फीस जमा करने को कहा जाता है। असल में ये फर्जी लिंक होते हैं, जिनसे आपकी निजी जानकारी और पैसा दोनों चोरी हो सकते हैं।
फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स का जाल
वैलेंटाइन डे पर शॉपिंग का चलन बढ़ जाता है। इसका फायदा उठाकर साइबर अपराधी असली जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट तैयार कर लेते हैं। इन पर भारी छूट और सस्ते ऑफर का लालच दिया जाता है। जैसे ही ग्राहक अपनी पर्सनल या बैंक डिटेल्स भरता है, उसकी जानकारी ठगों के हाथ लग जाती है।
जान-पहचान के नाम पर ठगी
कुछ मामलों में ठग फोन कर दावा करते हैं कि आपके किसी दोस्त या रिश्तेदार ने आपके लिए गिफ्ट या मैसेज भेजा है। वे नाम और फोटो दिखाकर भरोसा दिलाने की कोशिश करते हैं और फिर ओटीपी मांगते हैं। एक बार जानकारी साझा करते ही बैंक खाते से रकम निकल सकती है।
कैसे रखें खुद को सुरक्षित?
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
ओटीपी, बैंक डिटेल्स या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
बहुत ज्यादा सस्ते ऑफर और फ्री गिफ्ट के झांसे में न आएं।
नई या अनजान वेबसाइट से खरीदारी करने से पहले उसकी जांच जरूर करें।
किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
वैलेंटाइन डे को खास बनाएं, लेकिन सतर्क रहें। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...