Site icon Dainik Savera Times

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन CRPF जवानों सहित 4 की मौत

Chhattisgarh road accident

Chhattisgarh road accident

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में खपरी बायपास के पास ट्रक और कार के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में बस्तर से लौट रहे तीन CRPF जवानों और एक ड्राइवर सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर बटालियन से आ रही एक डिजायर कार खपरी बायपास के पास तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही दो जवानों ने दम तोड़ दिया और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डुमन साहू और हेमंत प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

सिविल सर्जन अभिषेक टोंडर ने बताया कि हादसा बेहद गंभीर था। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार में बैठे लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। एक घायल व्यक्ति का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Video: महाशिवरात्रि को लेकर नालागढ़ में निकाली भव्य शोभयात्रा

Exit mobile version