Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Train Accident in Ajmer: साबरमती-आगरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लोको पायलट ने पार किया था लाल सिग्नल : रिपोर्ट

March 21, 2024

Train Accident in Ajmer: साबरमती-आगरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लोको पायलट ने पार किया था लाल सिग्नल : रिपोर्ट

नई दिल्ली। अजमेर के पास साबरमती-आगरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि लोको पायलट ने लाल सिग्नल को पार किया था जिसके बाद यह एक मालगाड़ी की दो पिछली बोगियों से टकरा गई थी। आगरा जा रही पैसेंजर ट्रेन के चार डिब्बे सोमवार को अजमेर स्टेशन के पास पटरी से उतर गए थे, हालांकि घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। सात विशेषज्ञों द्वारा हस्ताक्षरित संयुक्त जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रेन संख्या 12458 (साबरमती-आगरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस) 00:50 बजे अजमेर से रवाना हुई और मदार स्टेशन की ओर आते समय चालक ने लाल सिग्नल को पार किया जिसके बाद ट्रेन एक मालगाड़ी की पिछली दो बोगियों से टकरा गई। इस टक्कर के कारण ट्रेन के चार डिब्बे और उसका इंजन पटरी से उतर गए, जिससे दोनों दिशाओं में ट्रेन परिचालन कई घंटों तक बाधित रहा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ, हालांकि टक्कर के समय ट्रेन की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा थी। लोको पायलट ने भी अपने बयान में स्वीकार किया कि मदार स्टेशन में प्रवेश करने से पहले उसने पहला सिग्नल ‘‘डबल येलो पोजीशन’’ में और दूसरा ‘‘सिंगल येलो पोजीशन’’ में देखा था। ड्राइवर ने आगे कहा कि जब उसने तीसरा सिग्नल ‘‘रेड पोजीशन’’ में देखा तो उसने आपातकालीन ब्रेक लगाये लेकिन तब तक ट्रेन मालगाड़ी के पिछले हिस्से से टकरा गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें