नेशनल डेस्क: बेतिया-बगहा नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत और 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शिकारपुर थाना क्षेत्र के बिशुनूर्वा गांव के पास हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, शिकारपुर थाना क्षेत्र के धूमनगर मटियरिया से एक बारात बिशुनूर्वा गांव आई थी। रात करीब 9:30 बजे बारात के कुछ लोग नाश्ता करने के बाद सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान बगहा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने बारातियों के समूह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में दिनेश कुशवाहा सहित दो और लोगों के नाम सामने आए हैं। बाकी मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम लग गया।
ये भी पढ़ें: एक हफ्ते में 11,000 रुपए बढ़ी चांदी की कीमत, सोना हुआ इतना महंगा
घायलों की हालत नाजुक
टक्कर लगने से कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को लौरिया सीएचसी (कम्युनिटी हेल्थ सेंटर) भेजा गया। यहां कई घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर रहे हैं।
परिजनों का आरोप
लौरिया सीएचसी में घायलों को लाए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घायलों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही और देरी का आरोप लगाया। परिजनों के गुस्से के कारण अस्पताल में हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी स्थिति बिगड़ते देख कमरों में छिप गए। वहीं मारपीट जैसी घटनाएँ भी सामने आईं, जिससे अस्पताल में अफरातफरी फैल गई।
ये भी पढ़ें: दिल्ली की हवा में घुला जहर, 427 पहुंचा AQI
कार चालक की तलाश में पुलिस
हादसे के बाद टक्कर मारने वाली कार का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। लोगों का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। घटना के बाद कुछ समय तक पुलिस भी मौके पर बारातियों के गुस्से के आगे शांत खड़ी रही।

