Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

त्रिपुरा पुलिस ने पकड़े 14 अवैध बांग्लादेशी नागरिक

November 13, 2023

त्रिपुरा पुलिस ने पकड़े 14 अवैध बांग्लादेशी नागरिक

अगरतला : त्रिपुरा पुलिस ने दक्षिण त्रिपुरा में सबरूम के बैष्णबपुर गांव से 14 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले त्रिपुरा के पांच सीमावर्ती जिलों में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अभियान चलाया था और मानव तस्करी रैकेट और सीमा पार अपराधों में शामिल होने के मामले में 25 लोगों की गिरफ्तारी की थी। एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने रविवार को सीमावर्ती गांव में एक घर पर छापा मारा और 14 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया,अवैध नागरिकों में चार जोड़े और चार बच्चे शामिल थे, जो वैध दस्तावेजों के बिना भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे।

पुलिस ने तीन भारतीय ग्रामीणों को भी गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान क्राइसु मोग, अथुभाई मोग और खोका त्रिपुरा के रूप में हुई, जिन पर बांग्लादेशियों को अवैध रूप से देश की सीमा में दाखिल कराने का आरोप है। उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की जांच के लिए रिमांड की मांग की जाएगी।

इससे पहले, एनआईए ने असम पुलिस के साथ मिलकर 8 नवंबर को रोहिंग्या सहित मानव तस्करी और घुसपैठ से संबंधित गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों से 25 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने एक ही समय में त्रिपुरा, असम, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और हरियाणा में छापेमारी की और कुल 47 गुर्गों को गिरफ्तार किया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल और पिछले साल त्रिपुरा और असम से बड़ी संख्या में बांग्लादेशी और रोहिंग्या पकड़े गए और घुसपैठियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि अवैध प्रवासियों को गुप्त रास्तों से भारत में घुसने में मदद भारतीय बिचौलियों द्वारा की जाती है। यह बिचौलिए घुसपैठ और मानव तस्करी में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच से पता चला कि सीमा पार अपराधियों का एक नेटवर्क पूरे भारत में मौजूद है, जो एक से अधिक राज्यों में प्रभाव के साथ एक गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा चिंता का विषय है।’’ उन्होंने कहा कि त्रिपुरा और असम का उपयोग घुसपैठ और मानव तस्करी गतिविधियों के लिए गलियारे के रूप में किया जाता है।

We are now on WhatsApp. Click to Join

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें