Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रंप ने फिर बताया पीएम मोदी को अपना दोस्त, फोन पर हुई बातचीत का किया जिक्र

April 17, 2026

ट्रंप ने फिर बताया पीएम मोदी को अपना दोस्त, फोन पर हुई बातचीत का किया जिक्र

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों को लेकर बयान दिया है। उन्होंने हाल ही में कहा कि पीएम मोदी उनके अच्छे दोस्त हैं और दोनों के बीच बातचीत भी काफी सकारात्मक रही है।

दरअसल, कुछ दिन पहले ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच करीब 40 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई थी। इस बातचीत के अंत में ट्रंप ने मोदी से कहा था कि हम सब आपको बहुत पसंद करते हैं। अब वॉशिंगटन में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने इस बातचीत को बहुत अच्छी बताया।

लास वेगास जाते समय दिया बयान

ट्रंप ने यह बयान उस समय दिया, जब वे लास वेगास जा रहे थे। एक पत्रकार ने उनसे पीएम मोदी के साथ हुई हालिया बातचीत के बारे में पूछा। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अपने दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अच्छी बातचीत की और भारत के साथ उनके संबंध मजबूत हैं। मोदी अच्छा काम कर रहे हैं और दोनों देशों के बीच संवाद सकारात्मक रहा।

ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: किसे मिलेगी सफलता, किसे बरतनी होगी सावधानी, जानें 12 राशियों का हाल

पश्चिम एशिया की स्थिति पर हुई चर्चा

बताया जा रहा है कि यह फोन कॉल ऐसे समय पर हुई, जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों के अलावा क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा की। खास तौर पर अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव को लेकर बातचीत हुई। अमेरिका और इज़रायल की ओर से ईरान के खिलाफ कार्रवाई के बाद हालात और संवेदनशील हो गए हैं। इसी बीच ट्रंप ने 7 अप्रैल को दो हफ्ते के युद्धविराम का ऐलान किया था, ताकि शांति वार्ता का रास्ता निकाला जा सके। हालांकि, इस्लामाबाद में हुई पहली शांति वार्ता का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। अब दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दूसरे दौर की कोशिशें जारी हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी हुआ जोर

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के मुताबिक, ट्रंप और मोदी के बीच हुई बातचीत में होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित और खुला रखने पर भी जोर दिया गया। यह इलाका अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखना जरूरी है।

ईरान और यूरेनियम संवर्धन पर बयान

इस पूरे मुद्दे के बीच अमेरिका लगातार ईरान पर दबाव बना रहा है कि वह परमाणु हथियारों से जुड़े अपने कार्यक्रम और यूरेनियम संवर्धन को बंद करे। वहीं ईरान अब तक इस मांग को मानने के लिए तैयार नहीं दिख रहा है। हालांकि, ट्रंप ने अपने एक हालिया बयान में दावा किया है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन रोकने के लिए तैयार हो गया है। लेकिन इस दावे को लेकर अभी तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें