नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। इन दोनों मामलों में नाबालिग बच्चियां दुष्कर्म की शिकार हुईं और अब बेहद कम उम्र में मां बन चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि जहां उन्हें सुरक्षा और सहारा मिलना चाहिए था। वहीं कुछ लोगों ने मामले को दबाने की कोशिश की।
चचेरे भाई पर दुष्कर्म का आरोप
पहला मामला बस्ती-गोंडा सीमा के खोड़ारे इलाके का है। यहां 13 साल की एक बच्ची के साथ उसके सगे चचेरे भाई पर दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना घर के अंदर हुई बताई जा रही है। कुछ समय बाद जब बच्ची के गर्भवती होने की जानकारी परिवार को हुई, तो उन्होंने न्याय के लिए आवाज उठाई लेकिन पंचायत और आरोपी के परिवार ने पीड़िता की अस्मत की कीमत मात्र 20 रुपए लगाकर मामले को दबाने की कोशिश की। इस सबके बावजूद भी पीड़िता ने हार नहीं मानी और मेडिकल कॉलेज में बच्चे को जन्म दिया। अब वह 13 साल की उम्र में बच्चे की जिम्मेदारी उठा रही है।
खेत में ले जाकर किया रेप
दूसरा मामला नगर थाना क्षेत्र का है, जहां गांव के ही एक किशोर 14 साल की लड़की को खेत में ले गया और उसके साथ रेप किया, जिससे लड़की गर्भवती हो गई। 6 महीने के गर्भ के बाद परिवार वालों को सच्चाई का पता चला। आरोपी के परिवार ने बच्चे को अपना मानने से इंकार कर दिया। समाज के तानों ने पीड़िता का जीना मुश्किल कर दिया। बस्ती मेडिकल कॉलेज में डिलीवरी के बाद अब लड़की बच्चे का पालन-पोषण कर रही है।
पुलिस कार्रवाई
इन दोनों मामलों में पुलिस ने FIR दर्ज कर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं, इसलिए उन्हें संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं के तहत हिरासत में लेकर जेल/सुधार गृह भेज दिया गया है।

