uddhavs ultimatum to MPs : शिवसेना उद्धव गुट में खटपट लगातार चल रही है। आज हालात ऐसे हो गए हैं कि उद्धव गुट के सांसद पार्टी की बैठक में भी नहीं आ रहे हैं। इसे देखते हुए शिवसेना ने गैरहाजिर सांसदों को कारण बनाओ नोटिस दिया है।
इस नोटिस के अलावा उन्हें अयोग्य ठहराने की चेतावनी भी दी है। लोकसभा में पार्टी के चीफ व्हिप अनिल देसाई ने गैरहाजिर सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें उन्होंने सांसदों को अपने बर्ताव के बारे में जवाब देने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। नोटिस में कड़ी चेतावनी दी गई है। अगर ये सांसद तय समय में जवाब नहीं देते तो पार्टी मान लेगी कि उन्होंने अपनी मर्जी से सदस्यता छोड़ दी है। इसलिए उन पर भारतीय संविधान के 10वें शेड्यूल के तहत कार्रवाई होगी।
चर्चा ये है कि शिवसेना उद्धव गुट के 6 सांसद बागी हो सकते हैं, जिसने उद्धव ठाकरे की चिंता को बढ़ा दिया है। ये सांसद NDA को समर्थन दे सकते हैं। अफवाहों के बीच उद्धव गुट ने संसदीय समिति की बैठक बुलाई, लेकिन उसमें केवल 3 लोकसभा सांसद पहुंचे थे, जबकि 6 सांसद नदारद थे। इससे पहले टीएमसी के सांसद बागी हो गए थे, पश्चिम बंगाल से उठी ये बगावत की लहर महाराष्ट्र पहुंच गई है। शिवसेना को लेकर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि उत्तराधिकार कभी भी खून के रिश्तों या वसीयत से तय नहीं होता, बल्कि वह विचारधारा से तय होता है।
शिवसेना कोई जमीन का टुकड़ा नहीं है, जिसे कोई भी अपनी जागीर समझ ले। शिंदे ने खुद को शेर बताते हुए कहा कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी आनी बाकी है। अपने सांसदों के टूटने की खबरों और शिंदे के हमलों के बीच मातोश्री के कुनबे में भारी बेचैनी देखी गई। उद्धव ठाकरे बेचैन हो गए हैं और उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा कि आज मेरी आत्मा सचमुच बहुत दुखी है। अगर आप में से किसी को भी लगता है कि मैं इस पद के लायक नहीं हूं, तो मुझसे मुंह पर कहें, मैं अभी इसी वक्त शिवसेना प्रमुख का पद छोड़ने के लिए तैयार हूं।
MP संजय राउत ने कहा कि आप एकनाथ शिंदे को इतना सीरियसली क्यों लेते हैं? उन्हें इतना सीरियसली लेना बंद करें। वह कोई बड़ी पर्सनैलिटी नहीं हैं। वह एक बेईमान लीडर हैं, और आप उन्हें सीरियसली लेते हैं। आप सुवेंदु अधिकारी को सीरियसली लेते हैं। ये बेईमान लोग हैं। उन्होंने अपने ही लोगों को धोखा दिया। जब तक वे पावर में हैं, जब तक उनके हाथ में पैसा है, वे ऐसी बातें कहते रहेंगे।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...