Site icon Dainik Savera Times

इकलौती बेटी को UGC दे रहा 72,400 रुपये तक की स्कॉलरशिप, जानें पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

UGC Scholarship 2026

UGC Scholarship 2026

नेशनल डेस्क: देश में बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की ओर से ‘पोस्ट ग्रेजुएट इंदिरा गांधी स्कॉलरशिप फॉर सिंगल गर्ल चाइल्ड’ योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से उन छात्राओं को आर्थिक सहायता दी जाती है, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं और मास्टर डिग्री (PG) स्तर की पढ़ाई कर रही हैं।

क्या है योजना का उद्देश्य?

इस स्कॉलरशिप का मुख्य उद्देश्य बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी वित्तीय परेशानी के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। योजना विशेष रूप से उन परिवारों की बेटियों के लिए बनाई गई है, जिनकी केवल एक ही संतान है या जिनके परिवार में केवल बेटियां हैं।

ये भी पढ़ें: 661 करोड़ के सरकारी फंड घोटाले में CBI की कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, अधिकारियों की मिलीभगत के मिले सबूत

कितनी मिलती है आर्थिक सहायता?

इस योजना के तहत चयनित छात्राओं को दो वर्षों तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। प्रत्येक वर्ष 36,200 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इस प्रकार दो वर्षों में कुल 72,400 रुपये छात्रा को मिलते हैं। यह राशि सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है। हर साल करीब 3,000 नई छात्राओं को इस योजना का लाभ दिया जाता है।

आय सीमा की कोई शर्त नहीं

इस स्कॉलरशिप की एक बड़ी विशेषता यह है कि आवेदन के लिए परिवार की आय से संबंधित कोई शर्त नहीं रखी गई है यानी किसी भी आर्थिक वर्ग की पात्र छात्रा इसके लिए आवेदन कर सकती है।

कौन कर सकता है आवेदन?

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाली छात्रा का अपने माता-पिता की इकलौती संतान होना आवश्यक है, जिन परिवारों में केवल बेटियां हैं और कोई बेटा नहीं है, वे भी इस योजना के लिए पात्र हैं। इसके अलावा जुड़वां बेटियां या एक साथ जन्मी दो बेटियां भी आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के समय छात्रा की आयु 30 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए और उसे किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या कॉलेज में नियमित (Regular) तथा पूर्णकालिक (Full-Time) मास्टर डिग्री के प्रथम वर्ष में दाखिला लिया होना चाहिए।

किन कोर्सों के लिए मिलेगी स्कॉलरशिप?

यह छात्रवृत्ति केवल गैर-व्यावसायिक (Non-Professional) स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध है। इसमें एमए, एमएससी, एमकॉम जैसे सामान्य पीजी कोर्स शामिल हैं। हालांकि इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, मैनेजमेंट और अन्य प्रोफेशनल कोर्स में अध्ययन करने वाली छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं। इसके अलावा डिस्टेंस एजुकेशन और ओपन लर्निंग मोड से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को भी इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

ये भी पढ़ें: Punjab Weather Update: पंजाब में फिर बढ़ेगी गर्मी, 8 जून से इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक छात्राओं को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। सबसे पहले पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा, इसके बाद Post Graduate Indira Gandhi Scholarship for Single Girl Child योजना का चयन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेज और बैंक खाते की जानकारी सही तरीके से भरना जरूरी है, ताकि छात्रवृत्ति की राशि समय पर प्राप्त हो सके।

Exit mobile version