Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather Update: पंजाब में फिर बढ़ेगी गर्मी, 8 जून से इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी

June 7, 2026

Punjab Weather Update: पंजाब में फिर बढ़ेगी गर्मी, 8 जून से इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी

Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन आगामी दिनों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए 8 जून से 12 जून तक कई इलाकों में हीटवेव (लू) चलने की संभावना जताई गई है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शनिवार को राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बठिंडा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है।

हालांकि, पंजाब के अधिकांश जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। केवल होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं पठानकोट में शनिवार को 5.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

बिजली की मांग ने पार किया 12 हजार मेगावाट का आंकड़ा

भीषण गर्मी के कारण राज्य में बिजली की खपत भी लगातार बढ़ रही है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बिजली की मांग 12,358 मेगावाट तक पहुंच गई, जो हाल के दिनों में सबसे अधिक रही। शाम तक यह मांग लगभग 11,000 मेगावाट के आसपास बनी रही।

ऊर्जा विभाग के अनुसार राज्य का स्वयं का बिजली उत्पादन लगभग 4,000 मेगावाट रहा, जबकि करीब 6,800 मेगावाट बिजली केंद्र से खरीदी गई। बढ़ती गर्मी के साथ आने वाले दिनों में बिजली की मांग और बढ़ने की आशंका है।

मानसून की रफ्तार धीमी, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल

दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कुछ अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ऊपरी वायुमंडल में बने कम दबाव के क्षेत्र और अन्य मौसमी प्रणालियां भी बादलों, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं।

ये भी पढ़ें…

11 और 12 जून को बदल सकता है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 7 जून तथा 11-12 जून के दौरान पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 8 जून से 11 जून तक कई स्थानों पर हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि 11 और 12 जून को कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को गर्मी के साथ-साथ बदलते मौसम के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें