Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

आज पेश होगा केंद्रीय बजट, आम लोगों के साथ व्यापारी भी उत्साहित, लोगों को हैं उम्मीदें

February 1, 2025

आज पेश होगा केंद्रीय बजट, आम लोगों के साथ व्यापारी भी उत्साहित, लोगों को हैं उम्मीदें

Union Budget 2025 : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज आम बजट पेश करेंगी। बजट की वजह से आम लोगों के साथ कारोबारी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। हालांकि कुछ व्यापारियों में चिंता भी जताई है। व्यापारियों को ई-कॉमर्स से जुड़ी चिंता है। हालांकि, वडोदरा के व्यापार विकास संगठन और सीएआईटी गुजरात के प्रमुख परेश पारीख ने उम्मीद जताई है कि जीएसटी सरलीकरण और वन नेशन वन टैक्स के कारण व्यापार की गति में तेजी आएगी।

सीएआईटी के अध्यक्ष परेश पारेख ने कहा, ‘पूरे साल व्यापारियों के लिए हमारा काम जारी रहा। शनिवार को निर्मला सीतारमण यूनियन बजट पेश करने जा रही हैं। हमारी मुख्य मांगों में से एक है कि जीएसटी का पूरी तरह से सरलीकरण होना चाहिए। जीएसटी में ऐसे प्रावधान होने चाहिए, जिससे छोटे-छोटे व्यापारियों से लेकर एमएसएमई सेक्टर तक सब आसानी से टैक्स भर सकें, और किसी को कोई दिक्कत न हो।

सरकार को ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स के लिए नई पॉलिसी बनानी चाहिए। लंबे समय से, सीएआईटी ने मंत्रियों से ई-कॉमर्स के लिए नई पॉलिसी बनाने का अनुरोध किया है, ताकि छोटे व्यापारियों को कोई परेशानी न हो। अगर सरकार इस बजट में ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स की एक नई पॉलिसी बनाती है, तो देश भर में व्यापारी अच्छी तरह से और बेहतर बिजनेस कर सकेंगे। मुख्यत:, सरकार को वन नेशन वन टैक्स का एक फॉर्मूला अपनाना चाहिए, जिससे व्यापार करना आसान हो जाए।‘

बिजनेस मैनेजर आकाश शर्मा ने कहा, ‘जैसा कि आप सोच रहे हैं, यूनियन बजट में आम इंसान के टैक्स स्लैब को कम करना चाहिए। दूसरी बात, लोगों ने जो लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन किया है, उस पर लगाया गया डायरेक्ट फ्लैट टैक्स हटा दिया जाना चाहिए। पहले जो सिस्टम था, वह अच्छा था और शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन पर 30 प्रतिशत टैक्स भी नहीं होना चाहिए। युवा और वर्किंग क्लास के लिए, उम्मीद है कि 30 प्रतिशत से टैक्स को कम करके कम से कम 20 प्रतिशत तक लाया जाएगा। इसके अलावा, जो इनकम टैक्स स्लैब 10 लाख रुपये पर है, उसे 15 लाख रुपये तक बढ़ाया जाना चाहिए। इससे दोनों तरफ से फायदा होगा और जो पैसा बाजार में जाएगा, उससे देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी।‘

जीतू नाम के शख्स ने कहा, ‘हम बस आशा करते हैं कि व्यापारियों को थोड़ा फायदा हो। जिस तरह से सरकार ने हर तरफ से टैक्स लगा रखे हैं, उसमें कुछ कमी या राहत मिलनी चाहिए। सरकार ने जिस तरह ऑनलाइन व्यापार को बढ़ावा दिया है, उससे यहां की दुकानें हर दो-तीन महीने में बंद हो रही हैं और व्यापारी धीरे-धीरे बर्बाद हो रहे हैं। सरकार को इसके लिए कुछ सोचना चाहिए।‘

पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले लखबीर सिंह ने कहा, ‘बीजेपी सरकार ने 2014 से लेकर अब तक कई बजट पेश किए हैं, जो बहुत ही उम्दा रहे हैं। इस बार भी हमें उम्मीद है कि बहुत ही अच्छा बजट पेश किया जाएगा। एजुकेशन सेक्टर में भी पहले सरकार ने काफी कुछ किया है, और इस बार भी उम्मीद है कि कुछ नया किया जाएगा। वंदे मातरम ट्रेन की तरह, सरकार ने आम जनता और गरीब वर्ग के लिए भी कई योजनाएं शुरू की हैं। बीजेपी सरकार ने पहले भी कई अच्छे कदम उठाए हैं, तो हमें उम्मीद है कि इस बजट में भी कुछ ऐसा ही होगा जो सबके लिए लाभदायक हो।‘

हिमाचल प्रदेश के मंडी की रहने वाली एक महिला बताती हैं, ‘हम सरकार से बहुत उम्मीदें रखते हैं कि हमारे रोजगार को बढ़ावा दिया जाए और हमारे सेल्फ हेल्प ग्रुप्स की तरफ भी ध्यान दिया जाए। हमें अभी तक कुछ खास मिला नहीं है, हालांकि, कभी-कभी छोटे-मोटे लोन मिल जाते हैं, लेकिन बैंक वाले भी लोन देने में कई तरह की परेशानियां खड़ी करते हैं। हमने लोन लिया है, लेकिन हमें यहां बैठने में भी काफी दिक्कतें आ रही हैं। हमें कहा जाता है कि हमने काफी कमाई कर ली है और अब हमें यहां से हट जाना चाहिए, लेकिन हमने जो 10 लाख रुपये का लोन लिया है, उसे चुकाने के लिए हमें कहां से पैसा मिलेगा?‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें